Bihar Election 2025: तेज हुआ सियासी संग्राम, नीतीश–तेजस्वी–सम्राट चौधरी की आज अहम रैलियां; मोकामा हिंसा के बाद माहौल गर्म

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और सियासी गर्माहट पूरे राज्य में महसूस की जा रही है। राजधानी पटना से लेकर सीमांचल, मिथिला और तराई बेल्ट तक हर तरफ चुनावी रैलियों, जनसभाओं और रोड शो का शोर गूंज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विपक्ष के नेता राहुल गांधी और विभिन्न दलों के प्रमुख चेहरे लगातार चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। इस बीच मोकामा में दो राजनीतिक गुटों के समर्थकों के बीच हुई झड़प और जन सुराज पार्टी के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या ने माहौल को और भी तनावपूर्ण बना दिया है। सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी बढ़ाई गई है और चुनाव आयोग भी हालात पर बारीकी से नजर बनाए हुए है।

नीतीश की रैलियों से जदयू कार्यकर्ताओं में जोश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दरभंगा और समस्तीपुर जिले के विभिन्न इलाकों में चार महत्वपूर्ण चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। दरभंगा के बेनीपुर स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर स्टेडियम में उनकी पहली सभा होगी, जबकि दूसरी रैली कुशेश्वरस्थान पूर्वी के केवटगामा पंचायत के दिघिया पार में आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मंच पर मौजूद रहेंगे। जदयू आश्वस्त है कि मिथिला में यह रैलियाँ पार्टी को मजबूत गति देंगी और नीतीश के विकास मॉडल को जनता तक मजबूती से पहुंचाएंगी।

डिप्टी सीएम ने मुजफ्फरपुर में दी बड़ी चुनावी संदेश
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर के कुढ़नी उच्च विद्यालय मैदान में चुनावी सभा करेंगे। उन्होंने चुनावी संकल्प पत्र पर बोलते हुए साफ कहा है कि इस बार का रोडमैप बिहार को “औद्योगिक हब” बनाने की दिशा तय करेगा। उनका दावा है कि युवा, किसान, महिलाओं और छोटे व्यवसायों के लिए जो योजनाएँ तैयार की गई हैं, वे आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगी। सम्राट चौधरी के भाषण से NDA समर्थक काफी उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

समस्तीपुर की सभा में वृंदा करात भी रहेंगी साथ
आरजेडी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज समस्तीपुर के विभूतिपुर स्थित तरूणिया मैदान में एक बड़ी सभा करने वाले हैं। वे दोपहर तीन बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। माना जा रहा है कि इस सभा में भारी भीड़ जुट सकती है, क्योंकि तेजस्वी लगातार बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठा रहे हैं। उनके साथ माकपा की वरिष्ठ नेता वृंदा करात भी मौजूद रहेंगी, जो वामपंथी वोट बैंक को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

डुमरियाघाट की रैली से पूर्वी चंपारण में शक्ति प्रदर्शन
वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी आज पूर्वी चंपारण के डुमरियाघाट में दो बजे से अपनी चुनावी सभा करेंगे। सहनी लगातार निषाद समुदाय को जोड़ने की कोशिश में लगे हुए हैं और इस चुनाव में अपने वोट शेयर को बढ़त दिलाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उनकी आज की यह सभा पार्टी के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकती है, क्योंकि इस क्षेत्र में उनका प्रभाव पहले से ही मजबूत माना जाता है। उनके भाषण का मुख्य केंद्र सामाजिक न्याय और स्थानीय समस्याओं का समाधान होगा।

प्रकाश कुमार पांडेय

Exit mobile version