मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर राज्य की पुलिसिंग व्यवस्था को तकनीकी रूप से मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। शनिवार को पटना स्थित एक अणे मार्ग से उन्होंने यातायात थानों और यातायात पुलिस उपाधीक्षकों के लिए 71 नये पुलिस वाहनों का लोकार्पण कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के जरिए राज्य के नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे और शहरी क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण, ट्रैफिक मॉनिटरिंग, सड़क सुरक्षा और नियम पालन जैसे क्षेत्रों में निगरानी और प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
बिहार में ट्रैफिक व्यवस्था होगी हाईटेक
सीएम नीतीश ने 71 नए पुलिस वाहनों को दिखाई हरी झंडी
सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मिलेगा नया बल
71 आधुनिक पुलिस वाहन अब राज्य के ट्रैफिक पर रखेंगे पैनी नजर
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पहले स्वयं इन वाहनों का निरीक्षण किया और उनकी कार्य प्रणाली से संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा, “इन पुलिस वाहनों की उपलब्धता से राज्य की पुलिसिंग क्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी। साथ ही विधि व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने में सहूलियत मिलेगी।”
तकनीकी रूप से उन्नत होंगे ट्रैफिक वाहन
इन नए वाहनों को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है जिससे:
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की रियल-टाइम मॉनिटरिंग हो सकेगी
दुर्घटनाओं की त्वरित सूचना और मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित हो पाएगी
हाईवे पर निगरानी और आपातकालीन सहायता में भी तेज़ी लाई जा सकेगी
वाहनों की तैनाती प्रदेश के विभिन्न जिलों के ट्रैफिक थानों और डीएसपी ट्रैफिक यूनिट्स में की जाएगी, ताकि व्यापक स्तर पर कानून व्यवस्था और यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सके।
कार्यक्रम में शामिल हुए वरिष्ठ अधिकारी
इस अवसर पर राज्य सरकार के कई प्रमुख नेता और अधिकारी मौजूद रहे। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ इस लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में डीजीपी विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को एक हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
मुख्यमंत्री का जोर – प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण और सड़क सुरक्षा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों से स्पष्ट रूप से कहा कि नई व्यवस्था के तहत सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक कंट्रोल को शीर्ष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के माध्यम से हर जिले में ट्रैफिक पुलिस की पहुँच और गति दोनों बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुएकहा है कि ट्रैफिक नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य में वाहनों के प्रभावी संचालन के साथ नियमित रख-रखाव की व्यवस्था भी की जाए। साथ ही जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएं
बिहार सरकार का यह कदम न सिर्फ राज्य की सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को आधुनिक बनाएगा, बल्कि आम लोगों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा। 71 नए पुलिस वाहनों की तैनाती से राज्य की ट्रैफिक पुलिसिंग में नई ऊर्जा का संचार होगा और यातायात व्यवस्था में अनुशासन लाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। साफ है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम’ की ओर राज्य को अग्रसर कर रहे हैं, जहां सुरक्षा, नियंत्रण और जवाबदेही तीनों पर बराबर ध्यान दिया जाएगा। प्रकाश कुमार पांडेय





