बिहार, दिलचस्प मोड़ पर उपचुनाव की लड़ाई

नीतीश और तेजस्वी ने बनाई मोकामा से दूरी

Bihar, by-election battle at interesting juncture

बिहार, दिलचस्प मोड़ पर उपचुनाव की लड़ाई

नीतीश और तेजस्वी ने बनाई मोकामा से दूरी

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव की लड़ाई काफी दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है। महागठबंधन की ओर से मोकामा और गोपालगंज दोनों सीटों पर प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मोकामा और गोपालगंज के चुनाव प्रचार पर जाएंगे या नहीं इस बात को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी खूब हो रही है। हालांकि एक दिन पहले गुरुवार को चित्रगुप्त पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पैर में चोट लगी है। लिहाजा जब तक चोट ठीक नहीं होती वे चुनाव प्रचार में नहीं जा सकते हैं। बता दें बिहार में नये गठबंधन बनने के बाद पहली बार चुनाव हो रहा है। महागठबंधन की ओर से दो सीटों पर राजद के उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि एनडीए की ओर से भाजपा के उम्मीदवार मुकाबले में खड़े हैं। दोनों पक्षों ने अपनी अपनी पूरी ताकत लगा रखी है। दोनों विधानसभा सीटों पर प्रचार जारी है। पेट और पैर में चोट लगने के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फिलहाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं जा रहे हैं।

तेजस्वी गोपालगंज में करेंगे चुनाव प्रचार 

राजद की ओर से भी तेजस्वी यादव का मोकामा में प्रचार करने की संभावना पर विराम लग गया है। तेजस्वी चुनाव प्रचार के लिए गोपालगंज जा रहे हैं।  लेकिन उनका मोकामा जाने का अब तक कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। राजद सूत्र बताते है। कि तेजस्वी यादव भी मोकामा प्रचार के लिए नहीं जा रहे हैं।

कितना बार होगा टेस्ट

तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जो चोट लगी है। उसका ध्यान रखना है। तेजस्वी यादव ने बताया कि वे गोपालगंज जा रहे हैं। वहां लोगों से मतदान करने की अपील करेंगे। मोकामा जाने के सवाल पर तेजस्वी यादव को टालते नजर आए और आगे बढ़ गये। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि आपलोग कितना बार टेस्ट लेते हैं हमलोग का।

छवि बचाने के लिए नहीं कर रहे आरजेडी का प्रचार

दूसरी ओर नीतीश कुमार के ऐन वक्त पर चुनाव प्रचार से दूरी बनाने पर सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। पहले सीएम नीतीश के मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के प्रचार में रैली करने की खबर आई थी। अनंत सिंह और नीतीश कुमार के बीच रिश्ते ठीक नहीं हैं। इसके बावजूद नीतीश कुमार ने महागठबंधन के हित में वहां प्रचार पर जाने का फैसला लिया था। इसके बाद सीएम बीजेपी के निशाने पर आ गए। बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि शराबबंदी और अपराध पर जीरो टोलरेंस की बात करने वाले गोपालगंज में शराब माफिया और मोकामा में आतंक के पर्याय अनंत सिंह की पत्नी के लिए वोट मांग रहे हैं। चर्चा है कि नीतीश कुमार ने अपनी छवि साफ रखने के लिए आरजेडी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार नहीं करने का फैसला लिया है। इसलिए ऐन वक्त पर अपनी रैली का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।

मोकामा में छोटे सरकार का राज

मोकामा पर सबकी नजर है। इस सीट पर 2005 से बाहुबली और पूर्व राजद विधायक अनंत सिंह का कब्जा माना जाता है। उपचुनाव में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी चुनावी मैदान में हैं। वहीं एनडीए की तरफ से अनंत सिंह को कई बार टक्कर दे चुके ललन सिंह की पत्नी सोनम देवी ने मोर्चा संभाला है। खास बात यह है कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह अब मोकामा में अनंत सिंह की पत्नी के लिए वोट मांगेंगे।

बीजेपी ने झोंकी पूरी ताकत

मोकामा उपचुनाव में बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लगातार राज्य स्तर के बड़े नेता बीजेपी कैंडिडेट सोनम देवी के पक्ष में प्रचार कर रेह हैं। लेकिन महागठबंधन की ओर से अबतक कोई चेहरा मोकामा नहीं पहुंचा था। लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने मोकामा में हुंकार भरी। इस दौरान ललन सिंह रोड शो भी करेंगे और अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के लिए वोट मांगेंगे।

Exit mobile version