छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: भरोसा की यात्रा V/S परिवर्तन यात्रा, सत्ता पाने और बचाने का सियासी सफर

Chhattisgarh Congress Bharosa Yatra BJP Parivartan Yatra

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भरोसे के सम्मेलन को दो कदम आगे बढ़ाते हुए इसे भरोसे की यात्रा में बदल दिया है। दो अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन राज्य की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस भरोसा यात्रा निकालने जा रही है। इस यात्रा में सभी स्थानीय मंत्री-विधायक और पदाधिकारी शामिल होंगे। राजीव भवन में हुई बैठक के बाद कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों की रुपरेखा तैयार की गई। बता दें कांग्रेस अलग-अलग संभागों में भरोसे का सम्मेलन कर रही है। इसके जरिए कांग्रेस लोगों के बीच जाकर भूपेश सरकार की उपलब्धियां गिना रही है। अब भरोसा यात्रा के माध्यम से इसे आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रियंका गांधी भी होंगी शामिल

छत्तीसगढ़ कांग्रेस दो अक्टूबर से राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक साथ भरोसा यात्रा निकालेगी। नेताओं को इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यात्रा के जरिए कांग्रेस विधायक और नेता जनता को राज्य की भूपेश सरकार की उपलब्धियां बताएंगे। इस दौरान प्रदेश के साथ केन्द्रीय नेतृत्व के भी शामिल होने की उम्मीद है। इसी क्रम में चार अक्टूबर को प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। प्रियंका गांधी 15 दिन में दूसरी बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकती हैं। कांग्रेस के भरोसा यात्रा में हिस्सा लेने प्रियंका गांधी 4 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगी। वे कांकेर में आयोजित पंचायती राज सम्मेलन में शामिल होंगी।

परिवर्तन यात्रा के जवाब में भरोसा की यात्रा

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही कांग्रेस और बीजेपी का चुनावी अभियान तेज हो गया है। बीजेपी की सत्ता वापसी के लिए परिवर्तन यात्रा निकाल रही है तो इसके जवाब में कांग्रेस छत्तीसगढ़ के सभी 90 विधानसभा में भरोसा यात्रा निकलने जा रही है। इसकी शुरुआत अगले महीने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर होगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने यात्रा को लेकर कहा कि चुनाव को लेकर तैयार की जा रही है। फिलहाल 2 अक्टूबर महात्मा गांधी की जयंती के दिन सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में भरोसा यात्रा निकालने की रणनीति तैयार की गई है। बीजेपी के परिवर्तन यात्रा के जवाब में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभाओं के भरोसा यात्रा निकालने का फैसला किया है। कांग्रेस की यह यात्रा प्रदेश के सभी विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। वहीं कांग्रस ने भरोसा यात्रा की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को सौंप दी है। विभिन्न नेता प्रदेश की सभी विधानसभाओं में इस यात्रा में शामिल होंगे। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस पार्टी अपने पांच साल की उपलब्धियां जनता के बीच पहुंचाएगी। भरोसा यात्रा को लेकर पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है लगातार बैठक में चुनाव के लिए रणनीति बनाई जा रही है।

भाजपा का पलटवार,घबरा गई है कांग्रेस

कांग्रेस के भरोसे की यात्रा पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा है कि जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी के परिवर्तन यात्रा को लोगों का विश्वास मिल रहा है। इससे कांग्रेस पार्टी घबरा गई है और भरोसे की यात्रा निकालने में मजबूर हो गई है। ऐसे में देखने वाली बात यह होगी की छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को अपने भरोसे की यात्रा में जनता का कितना भरोसा मिल पाता है। जिस तरिके से आगामी चुनाव को लेकर राजनीतक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के लगातार दौर हो रहे हैं। अब कांग्रेस पार्टी 2 अक्टूबर से भरोसा यात्रा निकालने जा रही है।

Exit mobile version