bharat jodo yatra: टंट्या भील की जन्मस्थली की ओर बढ़ते राहुल के कदम,छैगांव माखन में शाम को करेंगे नुक्कड़ सभा

तस्वीर भारत जोड़ो यात्रा की है, प्रतीकात्मक।

bharat jodo yatra:राहुल गांधी की अगुवाई में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा का गुरुवार को मध्य प्रदेश में दूसरा दिन है। इस यात्रा में राहुल का साथ देने के लिए प्रियंका गांधी अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे रेहान के साथ शामिल हुईं। कन्हैया कुमार भी यात्रा में साथ हैं। प्रियंका ने परिवार के साथ राहुल गांधी की पदयात्रा में शामिल होकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हौसला बढ़ाया। दूसरे दिन भारत जोड़ो यात्रा खंडवा के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई।

मध्यप्रदेश में यात्रा के दूसरे दिन राहुल के साथ मध्यप्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता और उनकी बहन प्रियंका गांधी भी यात्रा में पैदल चल रही हैं। वैसे यात्रा का 78वां दिन है। इन 78 दिनों में प्रियंका पहली बार यात्रा में शामिल हुई हैं। राहुल गांधी गुरुवार की सुबह रुस्तमपुर पहुंच चुके हैं। वे यहां टंट्या भील की जन्मस्थली जाएंगे। यहां जनसभा होगी। इसके बाद डूल्हार के गुरुद्वारा में दोपहर का भोजन करेंगे । यहां से यात्रा छैगांव माखन के लिए रवाना हागी। जहां नुक्कड़ सभा के बाद दूसरे दिन का सफर खत्म होगा।

राहुल का साथ देने पहुंची प्रियंका गांधी

खेरदा में रात्रि विश्राम करेंगे राहुल

भारत जोड़ो यात्रा का खरगोन जिले के खेरदा में रात्रि विश्राम होगा। मध्यप्रदेश में यात्रा की शुरुआत बुधवार को बुरहानपुर के बोदरली गांव से हुई थी। यात्रा 12 दिन में 6 जिलों को नापती हुई 4 दिसंबर को राजस्थान में एंट्री करेगी।

कदम ताल करते चल रहे सेवादल के सदस्य

भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस सेवा दल के सदस्य भी साथ चल रहे हैं। बता दें सेवादल का गठन 8 दिसंबर 1923 को हिंदुस्तानी सेवादल के नाम से किया गया था। आजादी की लड़ाई में सेवादल ने प्रमुख भूमिका निभाई। इसके बाद 1947 में इसका नाम हिंदुस्तानी सेवादल से बदलकर कांग्रेस सेवा दल कर दिया गया। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू सेवादल के पहले अध्यक्ष थे। सेवादल को महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल के सपनों का संगठन भी कहा जाता है।

टंट्या भील की जन्मस्थली जाएंगे राहुल

मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा दूसरे दिन खंडवा जिले के बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई जो छैगांव माखन में खत्म होगी। इस यात्रा का सफर करीब 65 किलोमीटर है। छैगांव माखन पहुंचने से पहले राहुल गांधी टंट्या भील की जन्मस्थली बडौदा अहीर भी जाएंगे। यह मेन हाईवे पर रुस्तमपुर से 10 किलोमीटर दूर है। वहीं यात्रा की वापसी बडौदा अहीर से पंधाना होकर डूल्हार फाटा पर होगी। यानी 21 किलोमीटर का सफर अलग से होगा। 65 किलोमीटर की यात्रा में टंट्या भील जन्मस्थली जाने के लिए राहुल गांधी को वाहन से 20 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा। इसी तरह छैगांव माखन में खंडवा तिराहे पर देर शाम नुक्कड़ सभा होगी। नुक्कड़ सभा के बाद राहुल गांधी की पदयात्रा यहीं खत्म होगी। यहां से वाहन में सवार होकर राहुल गांधी 20 किलोमीटर दूर खरगोन जिले में प्रवेश कर खेरदा में रात्रि विश्राम करेंगे।

यात्रा में शामिल होंगे मलिकार्जुन खड़गे

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे 26 नंबर को इंदौर आएंगे। वे शाम साढ़े पांच बजे दिल्ली से विमान से इंदौर आएंगे। संविधान दिवस के मौके पर खड़गे महू जाकर डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही वे ड्रीम लैंड चौराहा महू पर जनसभा में भी षामिल होंगे। इसके बाद वे इंदौर में रात्रि विश्राम करेंगे। 27 नवम्बर को विशेष विमान से गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए वडोदरा रवाना होंगे। इससे पहले 26 नवंबर को महू में भारत जोड़ो यात्रा भी आएगी। जिसमें खड़गे भी शामिल होंगे और राहुल गांधी के साथ पैदल चलेंगे। बता दें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद में खड़गे का ये पहला इंदौर दौरा है।

राजवाड़ा पर नुक्कड़ सभा करेंगे राहुल

इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से भारत जोड़ो यात्रा का इंदौर का कार्यक्रम जारी कर दिया है। राहुल गांधी 27 नवंबर को सुबह छह बजे महू से चलेंगे और दोपहर में राऊ में यात्रा रुकेगी। यहां लंच लेने के बाद शाम चार बजे यात्रा शुरू होगी। राजेंद्र नगर ब्रिज से चाणक्यपूरी होकर चोइथराम मंडी की तरफ जाएगी। यहां से कलेक्टेट तिराहा होते हुए यात्रा राजवाड़ा पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी नुक्कड़ सभा करेंगे। इसके बाद वे चिमनबाग मैदान पर जाएंगे। वहां रात्रि विश्राम होगा। 27 नवंबर को यात्रा बड़ा गणपति से शुरू होगी। जिंसी चौराहाए किला मैदानए बाणगंगा होते हुए इंदौर सांवेर रोड पर यात्रा पहुंचेगी। यहां बारोली गांव में विधायक संजय शुक्ला के फार्म हाउस पर यात्रा रुकेगी और शाम चार बजे उज्जैन की तरफ रवाना होगी।

Exit mobile version