बंगाल में हिंसा पर CM शुभेंदु अधिकारी का बड़ा अल्टीमेटम, बोले- “अब पत्थरबाजी नहीं चलेगी”

पश्चिम बंगाल में पुलिस पर हमले और पत्थरबाजी की घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला, तोड़फोड़ और अशांति फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सीएम ने दो टूक कहा, “अगर ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो मुझसे बुरा कोई नहीं होगा।” जानकारी के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने पर रोक और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कोलकाता के सर्कस पार्क इलाके में हालात बिगड़ गए। आरोप है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें 6 पुलिसकर्मी और CRPF के 2 जवान घायल हो गए। कई सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचा सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि मामले में अब तक 40 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जांच की निगरानी सीधे पुलिस कमिश्नर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और धार्मिक संगठन नियमों के तहत कार्यक्रम कर सकते हैं, लेकिन धार्मिक नारेबाजी, भीड़ जुटाकर हिंसा और पुलिस पर हमले बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होंगे। जम्मू-कश्मीर का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि जैसे वहां पत्थरबाजी की संस्कृति खत्म हुई, वैसे ही पश्चिम बंगाल में भी इसे खत्म किया जाएगा।

 

Exit mobile version