चीन की राजधानी पेइचिंग में एक आर्थिक-तकनीकी विकास क्षेत्र है, जिसे पेइचिंग यिच्वांग
(BEIJINGETOWN) के नाम से भी जाना जाता है। इसी क्षेत्र में, क्लाउड कंप्यूटिंग, बिग डेटा और
कृत्रिम बुद्धिमत्ता शहरी शासन के लिए विभिन्न प्रकार की सेवाएं प्रदान करने के लिए गहराई से
एकीकृत हो रहे हैं, जिससे शहरी शासन अधिक स्मार्ट बन रहा है।
यिच्वांग जिले में एक गश्ती दल के सदस्य के रूप में, यान युनश्यांग को सुरक्षित और सुचारू यातायात
सुनिश्चित करने के लिए सड़कों पर वाहनों और साइकिलों के उपयोग की नियमित रूप से जांच करने
की आवश्यकता होती है। अब, एक “नए सहयोगी” – एआई-संचालित बुद्धिमान गश्ती वाहन – की
बदौलत उनका काम काफी आसान हो गया है।
यह उपकरण चौबीसों घंटे गश्त, रोकथाम और आपातकालीन बचाव जैसे कार्यों को अंजाम देता है।
समस्या का पता चलने पर यह तुरंत मोबाइल एप्लिकेशन पर सूचना भेजता है। यान युनश्यांग ने
कहा, “गश्त के दौरान समस्या का पता चलने पर, हमारे मोबाइल एप्लिकेशन को अलर्ट मिलता है और
हमें तुरंत पता चल जाता है कि सड़क कहां गंदी है या वाहन कहां बेतरतीब ढंग से खड़े हैं।”
आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में, यिच्वांग में 20 एआई-संचालित मानवरहित गश्ती वाहन तैनात
किए गए हैं। इस क्षेत्र के रोंगहुआ उप जिले के एक कर्मचारी सुन फेइ ने बताया कि प्लेटफॉर्म द्वारा
किसी भी जोखिम का पता लगाने के बाद, उसका मैन्युअल मूल्यांकन किया जाता है और उसे मौके पर
कार्रवाई के लिए अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को सौंपा जाता है।
वहीं, शहरी प्रबंधन कार्यालय के कर्मचारी ल्यू श्यांग के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म बड़े मॉडल और
विशाल डेटा पर आधारित है, चौबीसों घंटे काम करता है, और मानवीय हस्तक्षेप की तुलना में अधिक
सटीक और तेज़ है।
रोंगहुआ उप जिले में, एक ऐसी सुविधा में रोबोट सेवाएं शुरू की गई हैं जो सामुदायिक केंद्र, विज्ञान व
प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी हॉल और नर्सिंग होम को एकीकृत करती है। इसी क्षेत्र के एक चौथाई से अधिक
निवासी साठ वर्ष से अधिक आयु के हैं।
80 वर्षीय च्वांग लेई सप्ताह में कम से कम दो बार भोजन के लिए ही नहीं, बल्कि एआई स्वास्थ्य
निगरानी का अनुभव करने के लिए भी यहां आते हैं। उन्होंने कहा कि “उनके चेहरे को स्कैन करने से
विभिन्न संकेतकों के परिणाम मिलते हैं, जो सटीक हैं और पैसे की बचत करते हैं।”
इस उप जिले के आजीविका गारंटी कार्यालय की निदेशक चांग ली ने बताया कि इसी जगह पर 60
रोबोट तैनात किए गए हैं, बुजुर्गों से प्रतिक्रिया एकत्र कर निर्माता को भेजी जाती है, जिससे रोबोट-
सहायता प्राप्त घरेलू सेवाओं की नींव रखी गई।
बुद्धिमान गश्ती दल से लेकर बुजुर्गों की स्मार्ट देखभाल तक, पेइचिंग का यिच्वांग जिला शहरी
शासन में सुधार लाने और जनता की संतुष्टि, खुशी और सुरक्षा की भावना को लगातार बढ़ाने के लिए
एकीकृत नवाचार का उपयोग कर रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)