भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद बीसीसीआई ने बड़ा ऐलान करते हुए खिलाड़ियों को 51 करोड़ रुपये का इनाम देने का फैसला किया है। यह रकम ICC की प्राइज मनी से भी ज्यादा है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को फाइनल में 52 रन से हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया और इस जीत को देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है।
BCCI ने विजेता टीम के लिए खोला खजाना
वर्ल्ड कप जीतते ही बीसीसीआई ने भारतीय महिला टीम को 51 करोड़ रुपये की भारी-भरकम पुरस्कार राशि देने की घोषणा कर दी। यह राशि खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी। दिलचस्प बात यह है कि यह रकम उस इनामी राशि से भी अधिक है, जो ICC विजेता टीम को दे रही है। बीसीसीआई ने इसे भारतीय महिला क्रिकेट के ऐतिहासिक पल को सम्मान देने वाला फैसला बताया है।
ICC प्राइज मनी से भी ज्यादा मिला इनाम
इस बार ICC विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर, यानी करीब 39.78 करोड़ रुपये देने वाला है, जबकि बीसीसीआई ने इससे लगभग 11 करोड़ रुपये ज्यादा देने का फैसला किया है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि यह इनाम टीम की मेहनत, संघर्ष और बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना में दिया जा रहा है। उन्होंने जय शाह का जिक्र करते हुए कहा कि उनके प्रयास से इस टूर्नामेंट की ICC प्राइज मनी में लगभग 300% की वृद्धि हुई।
फाइनल मैच में भारतीय टीम का दमदार प्रदर्शन
डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने 50 ओवर में 298/7 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। साउथ अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई और भारत ने 52 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह पहला मौका है जब भारतीय महिला टीम ने वनडे वर्ल्ड कप जीता। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीम की रणनीति ने इस जीत को और खास बना दिया।
शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा बने मैच के सितारे
शेफाली वर्मा ने फाइनल में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार खेल दिखाया। वह चोटिल प्रतिका रावल की जगह टीम में शामिल हुईं और 87 रन की पारी के साथ 2 विकेट भी लिए। वहीं दीप्ति शर्मा ने अर्धशतक लगाने के बाद गेंदबाजी में कमाल करते हुए 5 विकेट झटके। इन दोनों खिलाड़ियों के दम पर भारत सुरक्षित स्कोर बनाने और मैच पर पकड़ मजबूत करने में सफल रहा।