अयोध्या में जल,थल और नभ से होगी राममंदिर की सुरक्षा,इंतजाम ऐसे की दुनिया के किसी भी देश में देखने को नहीं मिलेंगे!

सुरक्षा व्यवस्था पर लगभग 40 करोड़ रुपए होंगे खर्च

अयोध्या में बाबरी मस्जिद को लेकर सैकड़ों साल विवाद रहा है। यहां दोनों पक्षों की अपनी अपनी दावेदारी थी। विवाद इतना बढ़ा कि सैकड़ों लोगों की जानें चली गई। अंतत: सत्य की जीत हुई और आज भगवान श्री राम का यहां भव्य मंदिर निर्माण चल रहा है। ऐसे में जरूरी है कि इस भव्य और अनूठे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। सरकार ने इसके लिए पुख्ता इंतजाम शुरु कर दिए हैं। लगभग 40 करोड़ की लागत से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। जल,थल और नभ से नजर रखने के लिए अत्याधुनिक तकनीकी का उपयोग किया जा रहा है। माना जा रहा है कि संभवत: दुनिया में शायद ही कोई ऐसा मंदिर हो जहां इतनी हाईटैक सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हों।

40 करोड़ होंगे खर्च

रामलला के मंदिर की सुरक्षा के लिए लगभग 40 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह राशि भी स्वीकृत कर दी गई है। जहां तक निर्माण और जिम्मेदारी का सवाल है तो यह समूची व्यवस्था उप्र निर्माण निगम को सौंपी गई है। जल्द ही इसकी डीपीआर सरकार को भेज दी जाएगी। इस रिपोर्ट में जल,थल और नभ से सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी होगी।मंडलायुक्त गौरव दयाल के मुताबिक रामलला के मंदिर की सुरक्षा योजना तैयार की गई है। योजना के तहत पहले चरण में लगभग 40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नवंबर की डेडलाइन तय कर दी गई है।

हवाई हमलों से भी सुरक्षित रहेगा मंदिर

मंदिर को हवाई हमले से महफूज रखने सहित सरयू नदी और जमीन से सुरक्षा का खाका खींचा गया है। मंदिर के बाहर अर्धसैनिक बलों(सीआरपीएफ)सहित अन्य फोर्स की तैनाती होगी। हवाई सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक संयंत्र और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। फायर सेफ्टी, बोलार्ट, बुलेट प्रूफ जैकेट, सर्च लाइट लगाई जाएगी। राममंदिर के पास से बहने वाली सरयू नदी की तरफ से भी सुरक्षा पर फोकस है। इसके लिए वाटर सेफ्टी के साथ विशेष नावों पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। मंदिर के अंदर सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में अत्याधुनिक कैमरे से लैस सीसीटीवी लगाए जाएंगे। मंदिर की सुरक्षा पर नजर रखने के लिए आधुनिक उपकरणों वाल कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। मंदिर के बाहर की सुरक्षा का दायित्व प्रशासन का है। मंदिर के अंदर की व्यवस्था ट्रस्ट देखेगा। प्रशासन के अफसर अंदर की सुरक्षा में भी समन्वय करेंगे।

15 जनवरी के बाद होगा लोकार्पण

अयोध्या का राम मंदिर पूरी दुनिया में उत्साह भरने वाला है। हर कोई यहां भगवान रामलला के दर्शन करना चाहता है। लेकिन इसके लिए 15 जनवरी 2024 तक इंतजार करना पड़ेगा,उम्मीद है कि जनवरी या उसके बाद कभी भी मंदिर का लोकार्पण हो सकता है। यहां भारी संख्या में भक्तों की भीड़ जुटने की उम्मीद है। लोकार्पण के पहले राम मंदिर की सुरक्षा पुख्ता दिखेगी।

Exit mobile version