Asia Cup Controversy: सूर्यकुमार और रऊफ पर जुर्माना, रऊफ दो मैचों के लिए निलंबित

एशिया कप 2025 के दौरान हुई घटनाओं को लेकर भारत और पाकिस्तान के दो बड़े खिलाड़ियों पर आईसीसी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर खेल की साख को नुकसान पहुंचाने के लिए मंगलवार को जुर्माना लगाया गया।
हारिस रऊफ को टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ दो अलग-अलग घटनाओं के कारण दो बार 30-30 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना भरना होगा। इन दोनों मामलों में रऊफ को कुल चार डिमेरिट अंक मिले, जिन्हें आईसीसी नियमों के अनुसार दो निलंबन अंकों में बदला गया। इसी कारण उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही वनडे सीरीज के दो मैचों से निलंबित कर दिया गया है। वह छह नवंबर को होने वाला दूसरा मैच भी नहीं खेल पाएंगे।
वहीं सूर्यकुमार यादव पर भी मैच फीस का 30 प्रतिशत फाइन लगाया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के प्रति एकजुटता जताने और भारतीय सशस्त्र बलों के समर्थन में किए गए संकेतों के कारण ‘खेल की छवि को प्रभावित’ किया।
जसप्रीत बुमराह को भी एक डिमेरिट अंक मिला है। उन्होंने एशिया कप फाइनल में हारिस रऊफ को बोल्ड करने के बाद “विमान गिरने” जैसा जश्न मनाया था, जिसे आईसीसी ने अनुचित माना।
पीटीआई ने सबसे पहले 26 सितंबर को बताया था कि सूर्यकुमार पर कार्रवाई तय है, जिसे अब आधिकारिक रूप से लागू कर दिया गया है।

Exit mobile version