एशिया कप 2025: हार्दिक पंड्या इंजर्ड, फाइनल से पहले टीम इंडिया में बढ़ी टेंशन
28 सितंबर, दुबई: भारत-पाकिस्तान फाइनल से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या फाइनल से पहले इंजर्ड हो गए हैं। श्रीलंका के खिलाफ सुपर ओवर जीत के बाद पता चला कि हार्दिक मैदान से गायब थे और उन्हें ड्रेसिंग रूम में देखा गया।
मैच के दौरान हुई ऐंठन
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा, “रात अच्छी तरह से रिकवरी करते हैं। अभी फाइनल के बारे में नहीं सोचना चाहिए। आज कुछ खिलाड़ियों को ज्यादा ऐंठन हुई। आज अच्छी रिकवरी का दिन है और हम जैसा प्रदर्शन करेंगे, वैसा ही प्रदर्शन करेंगे।”
बॉलिंग कोच ने पुष्टि की
भारतीय गेंदबाजी कोच मॉर्ने मोर्कल ने बताया कि हार्दिक पंड्या और अभिषेक शर्मा दोनों ऐंठन से पीड़ित थे। उन्होंने कहा, “अभिषेक ठीक हैं, लेकिन हार्दिक की स्थिति को हम फिर आज भी चेक करेंगे, उसके बाद ही कोई फैसला लेंगे।”
हार्दिक का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार
पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक का रिकॉर्ड प्रभावशाली है। उन्होंने 12 इंटरनेशनल मैचों में 12 पारियों में 315 रन बनाए और 25 विकेट झटके हैं। ऐसे में फाइनल से पहले उनकी चोट टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बन गई है।
फाइनल से पहले भारत की टेंशन
मौजूदा एशिया कप में हार्दिक के बल्ले से बड़ी पारी नहीं आई है। बीती रात वह सिर्फ 3 गेंद में 2 रन बनाकर आउट हुए। पहला ओवर फेंकते हुए उन्होंने 7 रन दिए, जिसमें 3 डॉट गेंदें भी शामिल थीं। फाइनल से पहले टीम इंडिया अपने इस सबसे बड़े मैच विनर को खोना कतई नहीं चाहेगी।
भारत-पाकिस्तान फाइनल के पहले हार्दिक पंड्या की चोट ने टीम इंडिया में हलचल पैदा कर दी है। टीम मैनेजमेंट और डॉक्टर उनकी फिटनेस पर नजर रख रहे हैं। फैंस की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारत अपने स्टार ऑलराउंडर के बिना पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में उतर पाएगा या नहीं। प्रकाश कुमार पांडेय





