Ashes 2023 : इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट में की शानदार वापसी, रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से दी मात

लगातार दो टेस्ट हारने के बाद इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए एशेज सीरीज का तीसरा मैच जीत लिया है. मेजबान इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया ने जीत के लिए 251 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे इंग्लैंड ने 3 विकेट रहते हुए ही हासिल कर लिया है. इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन हैरी ब्रूक ने बनाएं. ब्रूक ने 75 रनों की शानदार पारी खेली और टीम का एक छोर थामा रखा जिससे जीत का रास्ता तैयार हुआ. इसके अलावा पारी के अंत में क्रिस वोक्स और मार्क वुड ने 8वें विकेट के लिए 24 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को जीत दिलाई. जीत के साथ इंग्लैंड सीरीज में बना हुआ है. हालांकि ऑस्ट्रेलियन टीम अभी भी सीरीज में 2-1 से आगे चल रही है.

 

हैरी ब्रूक की दमदार पारी
तीसरे टेस्ट मैच की जीत में सबसे बड़ा योगदान हैरी ब्रूक का रहा. हैरी ब्रूक ने पारी का एक छोर संभालते हुए इंग्लैंड के लिए 75रनों की शानदार पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 7 चौके लगाएं. ब्रूक जब आउट हुए उस समय इंग्लैंड को जीत के लिए 21 रनों की जरूरत थी. अंत में वोक्स और मार्क वुड की साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड ने जीत हासिल की.

 

इंग्लैंड की रोमांचक जीत
हेंडिग्ले टेस्ट के चौथे दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 225 रनों की आवश्यकता थी और टीम के पास 10 विकेट भी शेष थे. लेकिन टीम की शुरूआत कुछ खास नहीं रही है. 42 के स्कोर पर बेन डकेट के रूप में इंग्लैंड को पहला झटका लगा है और इसके बाद तो इंग्लैंड लगातार अंतराल में विकेट खोता रहा. स्टार बल्लेबाज रूट और कप्तान बेन स्टोक्स भी सस्ते में आउट हो गए. एक समय था जब टीम 171 के स्कोर पर 6 विकेट गंवा चुकी थी , लेकिन हैरी ब्रूक ने एक छोर थामा रखा और 75 रनों की शानदार पारी खेली. ब्रूक के आउट होने के बाद मार्क वु़ड और क्रिस वोक्स ने पारी को संभाला और 24 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया.

 

स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया की कराई वापसी
छोटे लक्ष्य को डिफेंड करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की वापसी मिचेल स्टार्क ने करवाई. स्टार्क ने चौथी पारी में 78 रन देकर 5 विकेट हासिल किए. स्टार्क की घातक गेंदबाजी से एक समय ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया इस मैच को भी जीत लेगी लेकिन स्टार्क टीम को जीत नहीं दिला सके. स्टार्क के अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस और मिचेल मार्श ने 1-1 विकेट हासिल किए. अब दोनों टीमों का अगला मैच 19 जुलाई से मैनचेस्टर के मैदान पर खेला जाएगा.

 

 

 

Exit mobile version