Apple के लेटेस्ट iPhone 17, iPhone 17 Pro, iPhone 17 Pro Max और iPhone Air की बिक्री भारत में शुरू हो गई है। 9 सितंबर को लॉन्च हुई इस सीरीज की सेल 19 सितंबर से स्टोर्स पर शुरू हुई। दिल्ली और मुंबई स्थित Apple Stores के बाहर ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कई लोग फोन खरीदने के लिए रात से ही लाइन में खड़े थे।
iPhone 17 सीरीज की सेल शुरू, रातभर लाइन में खड़े रहे ग्राहक
iPhone 17 के लिए Apple Store के बाहर मारपीट, वीडियो वायरल
iPhone 17 सीरीज की सेल शुरू, रातभर लाइन में खड़े रहे ग्राहक
मुंबई में हंगामा, मारपीट का वीडियो सामने आया
मुंबई के BKC स्थित Apple Store पर सेल के पहले दिन हंगामा हो गया। लंबी लाइन में खड़े लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग एक-दूसरे को थप्पड़ मारते दिखे। मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स ने तुरंत हालात को काबू में किया और मारपीट रोक दी। हालांकि कुछ देर तक वहां अफरातफरी का माहौल बना रहा।
दिल्ली में भी लंबी कतारें, ‘कॉस्मिक ऑरेंज’ कलर ने बटोरा ध्यान
दिल्ली के साकेत Select City Mall स्थित Apple Store पर भी लोगों की भीड़ उमड़ी। यहां एक ग्राहक ने iPhone 17 Pro Max का कॉस्मिक ऑरेंज कलर वेरिएंट खरीदा, जिसे सोशल मीडिया पर ‘भगवा iPhone’ कहा जा रहा है। दिलचस्प बात यह रही कि फोन खरीदने वाले ग्राहक ने खुद को मुस्लिम बताते हुए कहा – “मुझे यह कलर पसंद है, इसका धर्म से कोई लेना-देना नहीं है।” यह वेरिएंट लॉन्च के पहले ही दिन आउट ऑफ स्टॉक हो गया।
क्यों लगती है इतनी भीड़?
हालांकि iPhone 17 सीरीज को ऑनलाइन और अन्य रिटेलर्स से भी खरीदा जा सकता है, लेकिन “सबसे पहले नया iPhone पाने की चाहत” ही लोगों को Apple Stores तक खींच लाती है। दुनिया के कई देशों में हर साल नए iPhone लॉन्च के वक्त ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं, जब ग्राहक पूरी रात स्टोर के बाहर डेरा डाल देते हैं।
बैंक ऑफर्स और कीमतें
Apple अपने लेटेस्ट iPhones पर इस बार ₹5,000 का बैंक डिस्काउंट भी दे रहा है। फोन Apple Store, Apple की आधिकारिक वेबसाइट, Amazon, Flipkart और चुनिंदा ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर भी उपलब्ध हैं।
iPhone 17 सीरीज की कीमतें इस प्रकार
iPhone 17 – ₹82,900 से शुरू
iPhone Air – ₹1,19,900 से शुरू
iPhone 17 Pro – ₹1,34,900 से शुरू
iPhone 17 Pro Max – ₹1,49,900 से शुरू
अपग्रेड और फीचर्स की डिमांड
ग्राहकों का कहना है कि iPhone 17 सीरीज में कैमरा, बैटरी और डिजाइन में बड़े अपग्रेड देखने को मिले हैं। खासकर नया कलर कॉस्मिक ऑरेंज और बेहतर प्रोसेसर लोगों को आकर्षित कर रहा है। प्री-ऑर्डर के समय ही Pro सीरीज के कई वेरिएंट आउट ऑफ स्टॉक हो गए थे। भारत में iPhone 17 की सेल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि Apple के प्रोडक्ट्स को लेकर लोगों में कितना क्रेज और जुनून है। हालांकि मुंबई में हुई मारपीट ने इस उत्साह पर दाग जरूर लगाया। इसके बावजूद स्टोर्स पर भारी भीड़ और सोशल मीडिया पर चर्चा से साफ है कि iPhone 17 सीरीज भारतीय बाजार में भी “सुपरहिट लॉन्च” साबित हो रही है। (प्रकाश कुमार पांडेय )