APEC 2026 में चीन की सक्रिय भूमिका, डिजिटल सहयोग से लेकर वन संरक्षण तक कई अहम सहमतियां बनीं

एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) के वर्ष 2026 के अध्यक्ष देश के रूप में चीन लगातार विभिन्न बहुपक्षीय कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। चीन का दावा है कि अब तक आयोजित बैठकों और संवादों के माध्यम से कई महत्वपूर्ण प्रारंभिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। चीनी विदेश मंत्रालय के अनुसार, डिजिटल अर्थव्यवस्था, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्रीय सहयोग जैसे विषयों पर सदस्य देशों के बीच व्यापक सहमति बनी है। नवंबर में प्रस्तावित APEC शिखर सम्मेलन से पहले इन बैठकों को भविष्य की रणनीति तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

तीन उच्चस्तरीय और पांच मंत्रीस्तरीय बैठकों के साथ सहयोग का दायरा लगातार बढ़ा

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने जानकारी दी कि APEC के “चीनी वर्ष” की शुरुआत से अब तक तीन उच्चस्तरीय अधिकारियों की बैठकें, पांच मंत्रीस्तरीय सम्मेलन और 180 से अधिक विभिन्न तंत्रों व क्षेत्रीय समूहों की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आर्थिक सहयोग, व्यापार, नवाचार और सतत विकास को नई गति देना है। चीन का कहना है कि इन कार्यक्रमों से कई क्षेत्रों में साझा समझ विकसित हुई है और सदस्य देशों के बीच संवाद पहले से अधिक मजबूत हुआ है।

डिजिटल सप्ताह के दौरान एआई और स्मार्ट तकनीक पर बनी व्यापक सहमति

16 से 29 जुलाई के बीच सिचुआन प्रांत के छंगदू शहर में आयोजित APEC डिजिटल वीक 2026 के दौरान डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और स्मार्ट नवाचार को लेकर कई महत्वपूर्ण चर्चाएं हुईं। सहभागी देशों ने इस बात पर जोर दिया कि डिजिटल तकनीक भविष्य की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख आधार बनेगी। साथ ही AI के सुरक्षित, जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने पर भी कई साझा बिंदुओं पर सहमति बनी। चीन ने इसे क्षेत्रीय डिजिटल सहयोग को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक उपलब्धि बताया।

वन संरक्षण और हरित विकास को लेकर सदस्य देशों ने साझा घोषणा जारी की

हाल ही में आयोजित APEC वन मंत्रियों की बैठक में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास प्रमुख एजेंडा रहे। बैठक के बाद सदस्य देशों ने वैश्विक वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक संयुक्त बयान जारी किया। चीन का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है। इस दिशा में सदस्य देशों के बीच बनी सहमति को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

नवंबर में होने वाले APEC शिखर सम्मेलन पर अब टिकी हैं सभी की निगाहें

चीन ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 के APEC अध्यक्ष देश के रूप में उसका फोकस खुलेपन, नवाचार और सहयोग पर रहेगा। आने वाले महीनों में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए सदस्य देशों के बीच और अधिक सहमति विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। चीन का उद्देश्य नवंबर में होने वाले APEC अनौपचारिक शिखर सम्मेलन को क्षेत्रीय आर्थिक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनाना है, ताकि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में साझा विकास और दीर्घकालिक साझेदारी को नई मजबूती मिल सके।

(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)

 

 

 

 

 

 

 

 

Exit mobile version