पाक से लौटी अंजू चाहती है भारतीय पति से तलाक
पाकिस्तान से भारत लौटी अंजू उर्फ फातिमा लगातार सूर्खियों में बनी हुई हैं। पिछले साल 21 जुलाई को वह बिना किसी को बताए राजस्थान के अलवर से पाकिस्तान चली गई थीं। फिर वहां उन्होंने शादीशुदा होने के बावजूद अपने प्रेमी नसरुल्लाह से निकाह कर लिया था। इसके बाद वह 29 नवंबर को भारत लौट आईं। पाकिस्तान जाने के 6 महीने बाद वो पहले पति अरविंद से मिलीं। इसी के साथ अंजू ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गलत बातें करने वालों को भी धमकी दी और कहा कि वो ऐसे लोगों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज करवाएंगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच बच्चों को लेकर बात हुई। दरअसल, अंजू और अरविंद के दो बच्चे हैं। एक 15 साल की बेटी और 6 साल का बेटा। अंजू ने जब नसरुल्लाह से निकाह किया तो अरविंद ने दोनों के खिलाफ अलवर थाने में मामला दर्ज करवा दिया। क्योंकि बिना तलाक के अंजू ने दूसरी शादी कर ली। अब अंजू भारत इसलिए आई हैं क्योंकि उन्हें बच्चों की याद सता रही थी। साथ ही अरविंद से भी उन्हें तलाक लेना है। अंजू का कहना है कि उन्होंने अपने भारतीय पति अरविंद से मुलाकात की है लेकिन सिर्फ बच्चों की खातिर। दोनों के बीच जो भी बातचीत हुई है वो बच्चों को लेकर ही हुई है। उधर अरविंद ने भी अंजू के साथ अपने मामले को पर्सनल मैटर बताते हुए कहा है कि हम दोनों साथ में बच्चों का खर्च उठाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि उनके और अंजू के बीच सिर्फ बच्चों को लेकर बातचीत हो रही है।