IND vs ENG: लीड्स टेस्ट से पहले प्लेइंग-11 को लेकर टीम इंडिया में कशमकश!

IND vs ENG टेस्ट सीरीज का आगाज़, पहले मैच में प्लेइंग-11 को लेकर संशय
भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार से शुरू हो रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लीड्स में खेला जाएगा। यह टेस्ट मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र की शुरुआत भी करेगा। भारतीय टीम की कमान इस बार युवा बल्लेबाज शुभमन गिल के हाथों में होगी, जबकि इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स टीम की अगुवाई करेंगे। भारतीय समयानुसार मुकाबला दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा और टॉस 3 बजे किया जाएगा।

टीम इंडिया की प्लेइंग-11 पर अब भी सस्पेंस
इंग्लैंड ने तो पहले ही अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया है, लेकिन टीम इंडिया अभी भी अपने अंतिम ग्यारह को लेकर निर्णय नहीं ले पाई है। टॉस से ठीक पहले भारत की अंतिम एकादश घोषित की जाएगी। कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट के सामने कुछ खास खिलाड़ियों को लेकर अभी भी माथापच्ची जारी है। टीम के आठ खिलाड़ी लगभग तय हैं, लेकिन तीन स्थानों को लेकर फैसला बाकी है।

सुदर्शन बनाम करुण: नंबर-3 की जंग
नंबर-3 स्थान को लेकर टीम इंडिया में सबसे बड़ा सवाल यह है कि साई सुदर्शन को मौका दिया जाए या अनुभवी करुण नायर को। सुदर्शन ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है, वहीं करुण के पास अनुभव है और विदेश में खेलने की समझ भी। दोनों में से किसी एक को चुना जाना टीम की मिडिल ऑर्डर की मजबूती के लिहाज से अहम होगा।

ऑलराउंडर की रेस में नीतीश रेड्डी या शार्दुल ठाकुर?
नीतीश रेड्डी और शार्दुल ठाकुर दोनों ऑलराउंडर की भूमिका में टीम के लिए उपयोगी हो सकते हैं। शार्दुल के पास टेस्ट अनुभव है, लेकिन नीतीश ने हाल के दिनों में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावी प्रदर्शन किया है। यह देखना दिलचस्प होगा कि गौतम गंभीर युवा खून पर दांव लगाते हैं या अनुभव को तरजीह देते हैं।

कुलदीप या जडेजा: स्पिन में किसे मिलेगा मौका?
स्पिन विभाग में भी चयन को लेकर दुविधा है। रविंद्र जडेजा का विदेशी धरती पर बल्लेबाजी रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है, लेकिन कुलदीप यादव की स्पिन इंग्लैंड की परिस्थितियों में असरदार साबित हो सकती है। टीम को संतुलन देने के लिहाज से सिर्फ एक को ही प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। यह फैसला पिच की स्थिति और टीम की रणनीति पर निर्भर करेगा।

Exit mobile version