तनाव के बीच भारत-अमेरिका ने बढ़ाया रणनीतिक सहयोग…क्या रिश्तों में आएगा नया मोड़?
भारत और अमेरिका के रिश्ते इस समय एक दिलचस्प दौर से गुजर रहे हैं। एक ओर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए 50 प्रतिशत तक टैरिफ ने आर्थिक रिश्तों में तनाव और अधिक बृद्धि कर दी है। तो वहीं दूसरी ओर अब दोनों ही देशों के बीच रणनीतिक ही नहीं रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के लिए भी बड़ा कदम उठाया जा रहा है। पिछले दिनों आयोजित 2+2 इंटरसेशनल डायलॉग ने यह संकेत दिया है कि मतभेदों के बावजूद साझेदारी की गाड़ी आगे बढ़ती रहेगी।
2+2 इंटरसेशनल डायलॉग में रणनीतिक साझेदारी पर फोकस
इस बैठक में भारत और अमेरिका के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। चर्चा का दायरा बेहद व्यापक रहा, जिसमें ऊर्जा सुरक्षा, सिविल-न्यूक्लियर सहयोग, क्रिटिकल मिनरल्स की खोज, आतंकवाद और मादक पदार्थों के खिलाफ साझा कार्रवाई जैसे अहम मुद्दे शामिल थे। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि दोनों देश जल्द ही नए दस वर्षीय रक्षा साझेदारी फ्रेमवर्क पर हस्ताक्षर करेंगे। यह ढांचा न केवल रक्षा उद्योग बल्कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, परिचालन समन्वय और सूचना साझा करने को भी नए स्तर पर ले जाएगा।
भारत-अमेरिका COMPACT पहल
इस वार्ता का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा भारत-अमेरिका COMPACT पहल। इसके तहत 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप सैन्य साझेदारी, वाणिज्य और प्रौद्योगिकी सहयोग के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। साथ ही, दोनों देशों ने यह भी दोहराया कि वे क्वाड (QUAD) समूह के माध्यम से इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
रिश्तों का मौजूदा परिप्रेक्ष्य
पिछले कुछ महीनों में भारत-अमेरिका संबंधों में दोहरी तस्वीर देखने को मिली है। रणनीतिक मोर्चे पर: रक्षा सहयोग लगातार गहराता जा रहा है। संयुक्त सैन्य अभ्यास, तकनीकी हस्तांतरण और नई रक्षा परियोजनाओं में प्रगति हो रही है। आर्थिक मोर्चे पर: अमेरिका ने भारत के कुछ निर्यात उत्पादों पर भारी टैरिफ लगाया है, जिससे व्यापारिक रिश्तों में खिंचाव पैदा हुआ है।
मतभेदों के बावजूद सहयोग मजबूत
विशेषज्ञ मानते हैं कि अमेरिका के लिए भारत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में अहम रणनीतिक सहयोगी है। वहीं भारत को अमेरिका से उच्च तकनीक, निवेश और रक्षा साझेदारी की बड़ी उम्मीद है। यही कारण है कि आर्थिक तनाव के बावजूद दोनों देश अपने रिश्तों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
भविष्य की दिशा
भारत और अमेरिका की यह बैठक एक साफ संदेश देती है कि दोनों देश अल्पकालिक मतभेदों को किनारे रखकर दीर्घकालिक रणनीतिक हितों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। चाहे ऊर्जा सुरक्षा हो, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई या इंडो-पैसिफिक की स्थिरता, दोनों साझेदार एक-दूसरे के लिए आवश्यक हैं। भारत-अमेरिका संबंध फिलहाल एक परीक्षण काल से गुजर रहे हैं। आर्थिक विवादों के बावजूद रणनीतिक और सुरक्षा सहयोग की मजबूती यह दर्शाती है कि दोनों देशों का रिश्ता सिर्फ व्यापारिक आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाले दशकों की भूराजनीतिक स्थिरता और विकास का आधार है। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि मौजूदा तनाव भारत-अमेरिका साझेदारी को कमजोर नहीं करेगा, बल्कि शायद दोनों को और अधिक मजबूत और परिपक्व संबंधों की ओर ले जाएगा।