फिजिक्सवाला के फाउंडर अलख पांडे ने अमीरी के मामले में शाहरुख़ ख़ान को छोड़ा पीछे…जानें कितने अमीर हैं अलख!

Alakh Pandey founder of Physicswala surpasses Shah Rukh Khan in wealth

फिजिक्सवाला के फाउंडर अलख पांडे ने अमीरी के मामले में शाहरुख़ ख़ान को छोड़ा पीछे…जानें कितने अमीर है अलख!

भारत में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति लाने वाले अलख पांडे आज उस मुकाम पर पहुंच चुके हैं, जहां उनकी संपत्ति बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान से भी अधिक बताई जा रही है। Hurun India Rich List 2025 के अनुसार अलख पांडे की अनुमानित संपत्ति ₹14,510 करोड़ है, जबकि शाहरुख़ ख़ान की ₹12,490 करोड़। लेकिन यह कहानी सिर्फ अमीरी की नहीं, बल्कि जुनून, संघर्ष और शिक्षा के मिशन की है।

– संघर्ष से शिखर तक

– अलख पांडे की प्रेरक कहानी

– किराये के कमरे से शुरुआत

साल 2014। प्रयागराज का एक छोटा सा किराये का कमरा। उम्र महज़ 23 साल। अलख पांडे 10-15 बच्चों को ₹50 प्रति घंटे के हिसाब से फिजिक्स पढ़ाते थे। हालात इतने साधारण थे कि वे फर्श पर सोते थे और कई बार दिन में एक ही बार खाना खाते थे। उनकी मां ने ₹5,000 दिए ताकि वे एक सेकंड हैंड फोन खरीद सकें। इसी फोन से उन्होंने पढ़ाने के वीडियो रिकॉर्ड करने शुरू किए। बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों ने उन्हें मौका देने से इनकार कर दिया। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

यूट्यूब से शुरू हुआ ‘फिजिक्सवाला’

2016 में उन्होंने यूट्यूब पर “ फिजिक्सवाला चैनल शुरू किया। न कोई बड़ा स्टूडियो, न महंगे कैमरे। बस ₹300 का ट्राइपॉड, ₹200 का माइक और पढ़ाने का जज्बा। उनकी सरल भाषा, बोर्ड पर समझाने की शैली और छात्रों से जुड़ाव ने लाखों दिल जीत लिए। धीरे-धीरे चैनल ने रफ्तार पकड़ी। आज उनके यूट्यूब चैनल पर 1.5 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं।

ऐप और एडटेक की क्रांति

ऑनलाइन शिक्षा के बढ़ते दौर में अलख पांडे ने सिर्फ यूट्यूब तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने ऐप लॉन्च किया, जहां सालाना मात्र ₹3,500 में छात्रों को कोर्स उपलब्ध कराया गया। आज इस ऐप पर करीब 40 लाख पेड स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं। मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए यह एक सुलभ और किफायती विकल्प बन गया है। कई निवेशकों ने उन्हें ₹1,000 करोड़ तक के ऑफर दिए, लेकिन उन्होंने कंपनी की स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए इन प्रस्तावों को ठुकरा दिया। आज फिजिक्सवाला   वैल्यू लगभग $2.8 बिलियन (करीब ₹23,000 करोड़) आंकी जा रही है।

अमीरी के बावजूद सादगी

इतनी बड़ी संपत्ति के बावजूद अलख पांडे की जीवनशैली बेहद सादगीपूर्ण है। वे साधारण कपड़े पहनते हैं, क्रेटा कार चलाते हैं और नोएडा के एक फ्लैट में रहते हैं। वे गांवों के स्कूलों को करोड़ों रुपये दान देते हैं। इतना ही नहीं, देर रात तक खुद छात्रों के सवालों के जवाब देते हैं। उनके लिए शिक्षा सिर्फ बिजनेस नहीं, बल्कि मिशन है। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख़ ख़ान दशकों से भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उनकी लोकप्रियता और संपत्ति दोनों ही असाधारण हैं। लेकिन अलख पांडे की कहानी यह दिखाती है कि डिजिटल युग में शिक्षा और तकनीक के जरिए भी नए नायक उभर सकते हैं। यह तुलना केवल आंकड़ों की है। असली मायने इस बात के हैं कि एक मध्यमवर्गीय परिवार का युवा, जिसने संघर्षों से लड़ते हुए अपने सपनों को साकार किया, आज करोड़ों छात्रों की उम्मीद बन चुका है।

एक शिक्षक का सपना

अलख पांडे का लक्ष्य कभी सिर्फ अमीर बनना नहीं था। उनका उद्देश्य था—ऐसी शिक्षा देना, जो हर छात्र की पहुंच में हो। वे अक्सर कहते हैं कि अगर पढ़ाई महंगी होगी तो प्रतिभा दब जाएगी। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि जब एक शिक्षक बच्चों का भविष्य बदलने का सपना देखता है, तो किस्मत उसे धन और सम्मान दोनों देती है। आज फिजिक्सवाला केवल एक कंपनी नहीं, बल्कि एक आंदोलन बन चुका है। यह उस सोच का परिणाम है कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा हर छात्र का अधिकार है, चाहे वह किसी भी आर्थिक पृष्ठभूमि से क्यों न हो। अलख पांडे की कहानी युवाओं के लिए संदेश है—संसाधनों की कमी बहाना नहीं, बल्कि संघर्ष की शुरुआत होती है। एक छोटा कमरा, सेकंड हैंड फोन और ₹500 के उपकरणों से शुरू हुआ सफर आज हजारों करोड़ की कंपनी तक पहुंच चुका है। यह सिर्फ अमीरी की कहानी नहीं, बल्कि उस विश्वास की कहानी है कि जुनून, ईमानदारी और मेहनत से असंभव भी संभव हो सकता है।

Exit mobile version