रहमान डकैत से अक्षय खन्ना की ज़बरदस्त वापसी…“धुरंधर” में मचाया तहलका
एक वक्त था जब अक्षय खन्ना को लेकर यह माना जाने लगा था कि उनका दौर अब ख़त्म हो चुका है। लेकिन बीते कुछ सालों में अक्षय ने ऐसी शानदार वापसी की है कि इंडस्ट्री से लेकर दर्शकों तक हर कोई हैरान है। उनकी हालिया रिलीज़ धुरंधर में निभाया गया किरदार रहमान डकैत इस समय हर जगह चर्चा का विषय बना हुआ है।
धुरंधर में रणवीर सिंह समेत कई दमदार कलाकार मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद पूरी फ़िल्म में महफ़िल अक्षय खन्ना ने ही लूट ली है। दर्शक फ़िल्म से निकलकर रहमान डकैत की ही बातें करते नज़र आ रहे हैं। कुछ बेहद उत्साही फैंस तो यहां तक कह रहे हैं कि इस किरदार के लिए अक्षय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए। पाकिस्तान के कुख्यात अपराधी रहमान डकैत की निर्दयता और खौफ़ को अक्षय खन्ना ने परदे पर बेहद असरदार ढंग से जीवंत कर दिया है।
पिछले कुछ महीनों में अक्षय खन्ना के फैंस की संख्या में जबरदस्त इज़ाफ़ा हुआ है। धुरंधर की रिलीज़ के बाद सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों की मानो बाढ़ आ गई हो। और इन्हीं फैंस के लिए एक बड़ी खुशख़बरी भी है। साल 2026 अक्षय खन्ना के करियर के लिए बेहद खास साबित होने वाला है। धुरंधर का दूसरा भाग मार्च 2026 में रिलीज़ होने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि पार्ट टू में अक्षय का किरदार पहले से भी ज़्यादा खतरनाक और खूंखार नज़र आएगा।
अक्षय की तीन फिल्में देंगी 2026 में दस्तक
साल 2026 में दृश्यम 3 भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जिसकी संभावित रिलीज़ डेट 2 अक्टूबर बताई जा रही है। दृश्यम 2 में अक्षय खन्ना की दमदार परफॉर्मेंस को दर्शकों ने खूब सराहा था, और तीसरे भाग में भी उनसे बड़ी उम्मीदें हैं। इसके अलावा अक्षय खन्ना फिल्म “इक्का” में भी नज़र आएंगे, जिसकी खास बात यह है कि इसमें सनी देओल भी उनके साथ दिखाई देंगे। बॉर्डर के बाद यह पहला मौका होगा जब दोनों कलाकार एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ होगी, हालांकि इसकी रिलीज़ डेट का ऐलान अभी नहीं हुआ है। फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है।
अक्षय खन्ना की एक और महत्वाकांक्षी फिल्म “महाकाली” भी चर्चा में है, जिसमें वे असुरों के गुरु शुक्राचार्य के किरदार में दिखाई देंगे। इस फिल्म से उनका लुक भी सामने आ चुका है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। इन सबके अलावा खबरें हैं कि अक्षय खन्ना “सेक्शन 84” नामक एक कोर्टरूम ड्रामा और एक अनटाइटल्ड स्पाय थ्रिलर प्रोजेक्ट पर भी विचार कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस स्पाय थ्रिलर में वे एक बार फिर खलनायक के रूप में नज़र आ सकते हैं। कुल मिलाकर, इस वक्त अक्षय खन्ना के पास प्रोजेक्ट्स की कोई कमी नहीं है। भले ही वे लीड हीरो के तौर पर बहुत लंबा सफर तय न कर पाए हों, लेकिन विविध और चुनौतीपूर्ण किरदारों के ज़रिए उन्होंने खुद को एक बार फिर साबित कर दिया है। आज अक्षय खन्ना न सिर्फ़ दमदार अभिनेता हैं, बल्कि हर नई फिल्म के साथ दर्शकों को चौंकाने का माद्दा भी रखते हैं।





