Akhilesh Yadav ने मांगा CM Yogi से नए साल का तोहफा!

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में निकली कांस्टेबल भर्ती को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पुरुष अभ्यर्थियों की आयु सीमा बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार की लचर भर्ती व्यवस्था के कारण हजारों युवा ओवरएज हो चुके हैं। ऐसे में युवाओं को इसका खामियाजा नहीं भुगतना चाहिए। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी बात रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और अनियमित भर्ती प्रक्रिया की वजह से पुलिस भर्ती समय पर नहीं हो सकी। इसी कारण कई योग्य युवा आयु सीमा पार कर गए। उन्होंने सरकार से अपील की कि नए साल के मौके पर आयु सीमा में छूट देकर युवाओं को राहत दी जाए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस भर्ती में हर अभ्यर्थी की मांग के साथ समाजवादी पार्टी खड़ी है। युवाओं का भविष्य ही देश का भविष्य होता है और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बेरोजगार युवा सरकार की नाकामी का बोझ क्यों उठाएं। दरअसल, यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कांस्टेबल के 32,679 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इसमें पुरुष उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 22 वर्ष तय की गई है, जबकि महिला उम्मीदवारों के लिए यह सीमा 25 वर्ष रखी गई है। इस अंतर को लेकर पुरुष अभ्यर्थियों में नाराजगी है और सोशल मीडिया पर लगातार आयु सीमा बढ़ाने की मांग उठ रही है।

 

Exit mobile version