द ओवल टेस्ट में जो उम्मीद किसी ने नहीं की थी, वो आकाश दीप ने कर दिखाया। बतौर नाइट वॉचमैन क्रीज़ पर आए इस तेज़ गेंदबाज़ ने तीसरे दिन अपनी बल्लेबाज़ी से सबको हैरान कर दिया। सिर्फ 70 गेंदों में 9 चौकों की मदद से अर्धशतक पूरा करने वाले आकाश दीप ने इंग्लैंड की बाजबॉल रणनीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उन्होंने कुल 94 गेंदों में 66 रन ठोके और टेस्ट करियर का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। इस पारी ने सिर्फ भारत की वापसी करवाई, बल्कि आकाश दीप को एक ऑलराउंड स्टार के रूप में पेश किया।
पुराना स्कोर पीछे, नया कीर्तिमान आगे
इससे पहले आकाश दीप का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट स्कोर 31 रन था, लेकिन ओवल टेस्ट में उन्होंने अपने पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया। चौथे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए इस गेंदबाज़ ने दबाव में भी धैर्य नहीं खोया और इंग्लैंड के गेंदबाज़ों को छक्का-चौका लगाते हुए रन बटोरे।
यशस्वी के साथ 107 रन की साझेदारी
आकाश दीप ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 107 रन की शानदार साझेदारी की। दोनों ने न सिर्फ टीम इंडिया को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि इंग्लिश खेमे में खलबली भी मचा दी। उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी से मैदान का माहौल पूरी तरह भारतमय हो गया।
चोट से वापसी और अब स्टार परफॉर्मेंस
लॉर्ड्स टेस्ट में चोटिल होकर मैनचेस्टर टेस्ट से बाहर रहने वाले आकाश दीप की वापसी ओवल टेस्ट में धमाकेदार रही। उन्होंने पहले गेंदबाज़ी में दम दिखाया और फिर बल्ले से भी जलवा बिखेरा। गेंद से भले ही उन्हें सिर्फ 1 विकेट मिला, लेकिन उनकी तेज़ और सटीक बॉलिंग ने इंग्लिश बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने नहीं दिया।