तकनीकी गड़बड़ी के बाद दुनिया भर में A320 बेड़े पर रोक
Airbus A320 फैमिली के विमानों को इस वीकेंड बड़े पैमाने पर सॉफ्टवेयर अपग्रेड के लिए रोक दिया जाएगा, जिसका असर भारत सहित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ेगा। अकेले भारत में IndiGo और Air India Group के 350+ A320 सीरीज विमान अगले 23 दिनों तक प्रभावित रहेंगे। अपग्रेड पूरा होने के बाद सोमवार या मंगलवार से उड़ानें सामान्य होने की उम्मीद है। वैश्विक स्तर पर लगभग 6,000 विमान इस अपडेट प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
JetBlue घटना के बाद जारी हुआ अनिवार्य अपडेट आदेश
यह कदम 30 अक्टूबर 2025 को JetBlue की कैंकून–नेवार्क उड़ान में हुई गंभीर पिच-डाउन घटना के बाद उठाया गया। जांच एजेंसी NTSB ने पाया कि ELAC फ्लाइट कंट्रोल कंप्यूटर पर स्विच री-सेट के दौरान विमान बिना किसी पायलट इनपुट के अचानक नीचे झुक गया। स्थिति बिगड़ने पर प्लेन को टैम्पा की ओर डायवर्ट करना पड़ा और कई यात्री घायल होकर अस्पताल पहुंचे। इसी घटना के बाद Airbus ने पूरी दुनिया की A320 फ्लीट पर अनिवार्य सॉफ्टवेयर/हार्डवेयर अपडेट लागू कर दिया।
एयर इंडिया: उड़ानों में देरी संभव, यात्री स्टेटस जरूर चेक करें
एयर इंडिया ने बयान जारी करते हुए कहा कि Airbus के निर्देशों के बाद उनके A320 विमानों में सिस्टम रियलाइन्मेंट किया जाएगा। इसके कारण टर्नअराउंड टाइम बढ़ सकता है और कई उड़ानों में देरी देखने को मिल सकती है। कंपनी ने यात्रियों से कहा कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले फ्लाइट की स्थिति जांच लें और जरूरत पड़ने पर कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करें।
इंडिगो का संदेश: सुरक्षा सर्वोपरि
इंडिगो ने भी इस तकनीकी एडवाइजरी को लेकर बयान दिया कि सभी अनिवार्य अपडेट पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों के मुताबिक किए जा रहे हैं। हालांकि इस प्रक्रिया के दौरान शेड्यूल में हल्का बदलाव संभव है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ऐप या वेबसाइट पर लेटेस्ट स्टेटस देखकर ही एयरपोर्ट पहुंचें।





