गुजरात के अहमदाबाद में हुए बड़े विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का अंतरराष्ट्रीय विमान तकनीकी खराबी के चलते उड़ान के कुछ मिनटों बाद ही मेघानी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयानक था कि विमान सीधे शहर के “अतुल्य डॉक्टर हॉस्टल” की चार इमारतों से टकरा गया।

सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय हॉस्टल परिसर में 50 से 60 इंटर्न डॉक्टर लंच टाइम के दौरान मौजूद थे। विमान की टक्कर से हॉस्टल की इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और इनमें आग भी लग गई। इस कारण इमारतों में मौजूद कई लोगों के घायल होने और कुछ के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस, और NDRF की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। मलबे से अब तक कई घायलों को बाहर निकाला जा चुका है और उन्हें पास के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टर हॉस्टल का यह इलाका मेडिकल यूनिवर्सिटी परिसर से सटा हुआ है और वहां कई जूनियर डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ रहते हैं। हादसे के बाद मेडिकल स्टाफ खुद राहत कार्य में जुट गए और घायलों की मदद करने लगे।
हादसे में शामिल लोगों की पहचान और स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। डीजीसीए ने हादसे की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक टीम अहमदाबाद रवाना कर दी है।
यह हादसा अब तक के सबसे खतरनाक विमान हादसों में गिना जा रहा है, जिसने ना सिर्फ विमान में सवार यात्रियों को, बल्कि जमीन पर मौजूद आम लोगों को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। पूरा देश इस दुर्घटना को लेकर गमगीन है और हर कोई दुआ कर रहा है कि ज़्यादा से ज़्यादा लोगों की जान बचाई जा सके।