गुजरात के अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुआ एयर इंडिया Air India का एक अंतरराष्ट्रीय विमान शुक्रवार सुबह भीषण हादसे का शिकार हो गया। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान तकनीकी खराबी के चलते नियंत्रण खो बैठा और अहमदाबाद के मेघानी इलाके में एक रिहायशी बिल्डिंग के ऊपर जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 100 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है।
इस विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, और 20 अन्य देशों के यात्री शामिल थे। खास बात यह रही कि विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। उनके हालात को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में 2 पायलट और 10 केबिन क्रू मेंबर भी थे। विमान के क्रैश होते ही आग की भीषण लपटें पूरे इलाके में फैल गईं। जिस बिल्डिंग पर विमान गिरा, वह भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें रहने वाले लोगों की भी जानमाल की भारी क्षति की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य कर्मी और NDRF की चार टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू कर दिया। मलबे में कई लोग अभी भी फंसे होने की आशंका है, जिन्हें बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) और एयर इंडिया ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा है कि इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। इस भयावह हादसे को देश के सबसे बड़े विमान हादसों में से एक माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अन्य केंद्रीय मंत्री इस हादसे की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेष टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए हैं।
पूरा देश इस दुर्घटना से स्तब्ध है और मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहा है। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों का सिलसिला जारी है, जबकि विमान हादसे की तस्वीरें और वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।





