मौसम अपडेट 01 नवंबर 2025:
दिल्ली में हवा हुई साफ, यूपी में मिला-जुला मौसम, राजस्थान-पूर्वोत्तर में बारिश का अलर्ट.. जाने कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम
नई दिल्ली। नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम ने देशभर में नया मोड़ ले लिया है। उत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की ठंड का अहसास बढ़ने लगा है, वहीं पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में चक्रवात ‘मोंथा’ के असर से बारिश का सिलसिला जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड और झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
दिल्ली-एनसीआर: साफ आसमान, प्रदूषण में कमी
उत्तर प्रदेश: छिटपुट बारिश, हल्की ठंड बढ़ी
राजस्थान: बारिश जारी, दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में अलर्ट
बिहार-पश्चिम बंगाल: हल्की बारिश, बादल छाए रहेंगे
हिमाचल-उत्तराखंड: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, ठंड बढ़ेगी
पूर्वोत्तर राज्य: अरुणाचल में भारी बारिश का अलर्ट
छत्तीसगढ़: चक्रवात ‘मोंथा’ के प्रभाव से बादल छाए
झारखंड: हल्की बूंदाबांदी के आसार
दिल्ली में साफ आसमान, हवा हुई ताजा
राजधानी दिल्ली में आज सुबह मौसम साफ रहा, धूप खिली लेकिन तीखापन कम रहा। सुबह-शाम हल्की ठंड और हल्की धुंध महसूस की जा रही है। आईएमडी के मुताबिक, अगले दो दिन मौसम सामान्य रहेगा लेकिन तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता (AQI) में भी सुधार दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शुक्रवार शाम 4 बजे दिल्ली का समग्र एक्यूआई 218 रहा, जो “बहुत खराब” श्रेणी से नीचे आ गया है। गुरुवार को यह स्तर 373 था। विशेषज्ञों का कहना है कि हाल की हल्की बारिश और हवा की गति में वृद्धि से प्रदूषण के स्तर में कमी आई है।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर 2025 की अवधि में औसत एक्यूआई 170 दर्ज किया गया — जो पिछले आठ वर्षों में (2020 के लॉकडाउन को छोड़कर) सबसे बेहतर है।
उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम, छिटपुट बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी मौसम करवट लेने लगा है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर में सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास बढ़ा है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 6 नवंबर तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
चक्रवात ‘मोंथा’ का असर पूर्वी यूपी में अधिक रहेगा। वाराणसी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश के संकेत हैं। पश्चिमी यूपी में तापमान गिरने से ठंड का एहसास बढ़ेगा।
राजस्थान में जारी बारिश का दौर, अगले 4 दिन अलर्ट
राजस्थान में एक नया मौसमी चक्र सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में और पश्चिमी भागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
जगपुरा (बांसवाड़ा) में सर्वाधिक 57.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि पाली (जवाई बाँध) का न्यूनतम तापमान 12.2°C तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उदयपुर, कोटा, और बारां संभागों में 3 से 4 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी ने पूर्वोत्तर राज्यों, विशेषकर अरुणाचल प्रदेश के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
तवांग, पश्चिम कामेंग, लोअर सुबनसिरी और अंजॉव जिलों में आज से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, पूर्वी और पश्चिमी सियांग, नामसाई, पापुम पारे, कुरुंग कुमे, ऊपरी सियांग जैसे इलाकों में भी लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।
निचली दिबांग घाटी और आसपास के इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ सकता है, प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
पश्चिम बंगाल और बिहार में हल्की बारिश की संभावना
चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल और बिहार में भी मौसम बदलने लगा है।
गंगा तटीय इलाकों में हल्की बारिश की चेतावनी दी गई है। कोलकाता, हावड़ा, मुर्शिदाबाद, भागलपुर और पटना में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।मौसम विभाग का कहना है कि यह बारिश अगले 24 से 36 घंटों तक बनी रह सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में ठंड बढ़ी, पश्चिमी विक्षोभ का असर
पर्वतीय राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बदल गया है।
3 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होगा।
शिमला, कुल्लू, मनाली, मसूरी और नैनीताल में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में पहली बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी।
झारखंड में बदलेगा मौसम, हल्की बूंदाबांदी की संभावना
झारखंड में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। रांची, धनबाद और बोकारो में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।
हालांकि, राज्य के उत्तरी हिस्सों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी। मौसम विभाग ने किसानों को फसलों की कटाई से पहले सतर्क रहने की सलाह दी है।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों और किसानों को अगले 3–4 दिनों तक मौसम की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है। पर्वतीय और पूर्वोत्तर इलाकों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने को कहा गया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण के उपाय जारी रहेंगे। प्रकाश कुमार पांडेय





