चीनी सरकार और एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (AIIB) ने शनिवार को हांगकांग विशेष
प्रशासनिक क्षेत्र में बैंक का कार्यालय स्थापित करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस
समझौते के साथ ही हांगकांग में AIIB का कार्यालय खोलने का रास्ता साफ हो गया है। इसमें
कार्यालय की स्थापना, विशेषाधिकारों और उन्मुक्तियों के साथ-साथ उसके संचालन से जुड़े नियमों
और सिद्धांतों को तय किया गया है।
इस मौके पर हांगकांग विशेष प्रशासनिक क्षेत्र सरकार के वित्त विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि
AIIB का हांगकांग में कार्यालय खोलने का फैसला शहर के अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय केंद्र के रूप में उसकी
अहमियत को दर्शाता है। इससे अंतर्राष्ट्रीय पूंजी जुटाने और एशिया की अवसंरचना परियोजनाओं को
वित्तीय सहायता देने में हांगकांग की विशेष भूमिका भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि हांगकांग
सरकार कार्यालय की स्थापना और संचालन में पूरा सहयोग देगी। साथ ही, AIIB के साथ अपने
सहयोग को और आगे बढ़ाना चाहती है।
इसी दिन हांगकांग सरकार ने AIIB के ;परियोजना तैयारी विशेष कोष' में 2 करोड़ अमेरिकी डॉलर का
योगदान देने के लिए भी एक समझौता किया। इसके जरिए सरकार ने बैंक की परियोजनाओं और
कामकाज के प्रति अपना समर्थन जताया।
गौरतलब है कि एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक ने जनवरी 2016 में औपचारिक रूप से अपना काम
शुरू किया था, जबकि हांगकांग जून 2017 में इसका सदस्य बना। AIIB एक बहुपक्षीय विकास बैंक
है, जिसका मुख्य उद्देश्य अवसंरचना और अन्य उत्पादक क्षेत्रों में निवेश के जरिए एशिया के सतत
आर्थिक विकास को बढ़ावा देना, संपन्नता बढ़ाना और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करना है।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)