कांग्रेस का सत्याग्रह, खड़गे बोले जनता के अधिकार के लिए लड़ रहे हैं राहुल गांधी, लड़ाई जारी रहेगी

After the cancellation of Rahul Gandhi membership

दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता रद्द होने के बाद कांग्रेस का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। इसे लेकर देश भर में कांग्रेसी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को भी कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता सड़क पर उतरे हैं। दिल्ली में भी कांग्रेस राजघाट के सामने गांधी दर्शन स्मारक पर प्रदर्शन कर रही है। बता दें राहुल गांधी को शुक्रवार को सांसद पद से अयोग्य घोषित किया था। वे केरल के वायनाड से सांसद चुने गए थे।

मोदी सरनेम को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सूरत की कोर्ट ने उन्हें 2 साल की सजा सुनाई है। हालांकि उन्हें 30 दिन की जमानत दी गई है। लेकिन कोर्ट के फैसले के बाद बाद शुक्रवार को संसद के निचले सदन की सदस्यता से राहुल गांधी को अयोग्य घोषित कर दिया है। इससे पहले शनिवार को भी कांग्रेस ने देशभर में केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अब रविवार को दिल्ली में महात्मा गांधी की समाधि राजघाट और सभी जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय सत्याग्रह किया जा रहा है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस पार्टी को राजघाट पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी है। पुलिस ने अनुमति नहीं देने का कारण ट्रैफिक प्रबंधन को बताया है और इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लगा दी। ऐसे में पहले तय किया गया था कि राजघाट पर गांधी समाधि के पास प्रदर्शन होगा लेकिन अब कांग्रेस राजघाट के सामने गांधी दर्शन स्मारक के बाहर प्रदर्शन कर रही है। राजघाट के अंदर गांधी की समाधि पर अनुमति न मिलने के चलते गांधी दर्शन के बाहर कांग्रेस के संकल्प सत्याग्रह का स्टेज लगाए गया।

देश भर में कांग्रेस का सत्याग्रह

कांग्रेस ने संकल्प सत्याग्रह का ऐलान किया है। इसके तहत राज्य इकाइयों को रविवार की सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला मुख्यालय स्थित गांधी प्रतिमा के सामने सत्याग्रह करने का निर्देश दिया था, इसके बाद देशभर में कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। इस आंदोलन की जिम्मेदारी प्रियंका वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ली है। राजघाट के सामने किये जा रहे सत्याग्रहमें पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा बीजेपी राहुल गांधी को बोलने नहीं दे रही है। राहुल गांधी देश और जनता के अधिकार के लिए लड़ रहे हैं। ये लड़ाई जारी रहेगी हम रुकेंगे नहीं।

वायनाड में मनाया काला दिवस

इससे पहले शनिवार को केरल के वायनाड जहां के लोगों ने राहुल गांधी को अपना सांसद चुना था वहां पार्टी ने काला दिवस मनाया गया और कई विरोध प्रदर्शन हुए। इसके साथ ही देश के कई शहरों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। खासकर मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य शहरों में और पश्चिम बंगाल असम में। मुंबई से सटे कल्याण कस्बे में रेलवे स्टेशन के पास रास्ता रोको धरना दिया। तख्तियां और बैनर लिए कांग्रेस कार्यकर्ता ठाणे में बीआर अंबेडकर की प्रतिमा के पास जमा हुए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की।

Exit mobile version