एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, CCTV वीडियो आया सामने… तेजधार हथियार से हमला करते दिखे आरोपी…!

Actress Huma Qureshi cousin murder CCTV video surfaced showing the accused attacking with a sharp weapon

एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या, CCTV वीडियो आया सामने… तेजधार हथियार से हमला करते दिखे आरोपी

दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके के जंगपुरा भोगल बाजार में रात के सन्नाटे में गूंजे चीख-पुकार और ताबड़तोड़ वार। फिल्म एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की गुरुवार देर रात पार्किंग विवाद को लेकर तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। अब इस हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आ चुका है। जिसने वारदात की भयावहता को सार्वजनिक कर दिया है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक सामान्य बहस महज चंद सेकेंडों में खूनी संघर्ष में बदल जाती है। दो युवक—गौतम और उज्जवल—आसिफ पर टूट पड़ते हैं, जिनमें से एक Ice-pick जैसे धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार करता है। वीडियो में आसिफ की पत्नी भी बीच-बचाव करती दिखती हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग हक्का-बक्का खड़े होकर घटना को रोकने की नाकाम कोशिश करते नजर आते हैं।

दिल्ली का शांत इलाका बना मौत का मंजर

घटना गुरुवार देर रात करीब 10 बजे जंगपुरा भोगल बाजार लेन में हुई। स्कूटी को गेट से हटाने की मामूली बात को लेकर पहले कहासुनी और फिर हाथापाई हुई। देखते ही देखते आरोपी उज्जवल ने अपने बड़े भाई गौतम को बुला लिया और दोनों ने मिलकर आसिफ कुरैशी (35) पर हमला बोल दिया।

गंभीर रूप से घायल आसिफ को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक खबर के बाद परिवार और पूरे इलाके में मातम पसर गया।

CCTV फुटेज में क्या दिखा?
सीसीटीवी वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि पहले गाली-गलौच और धक्का-मुक्की होती है। अचानक ही उज्जवल और गौतम दोनों भाई मिलकर हुमा कुरैशी के भाई आसिफ को घेर लेते हैं। गौतम Ice-pick जैसे हथियार से लगातार वार करता है। भीड़ उन्हें रोकने की कोशिश करती है लेकिन किसी की हिम्मत नहीं पड़ती पास आने की। आसिफ की पत्नी रोती-बिलखती हुई बीच में आती हैं, मगर हमलावर नहीं रुकते। यह पूरा मंजर बेहद झकझोर देने वाला और डरावना है।

कौन थे आरोपी गौतम और उज्जवल?
गौतम (18) और उज्जवल (19) दोनों सगे भाई हैं। गौतम नशे का आदी है और मोहल्ले में उसके झगड़ालू रवैये से लोग पहले ही परेशान थे। उज्जवल आमतौर पर धार्मिक आयोजनों में ढोलक बजाता है। जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों की मां उन्हें छोड़कर कई साल पहले चली गई थीं, और उनके पिता ने अकेले ही परवरिश की।

यह पूर्व नियोजित हत्या थी”: मृतक के परिजन
आसिफ कुरैशी के रिश्तेदार जावेद कुरैशी ने कहा कि यह कोई अचानक हुआ झगड़ा नहीं था, बल्कि पहले से आसिफ को निशाना बनाने की साजिश थी। “पहले भी इन लड़कों ने दो बार जानबूझकर आसिफ से लड़ाई की थी। उन्होंने मौके की तलाश में यह सब किया।

प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पार्किंग को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार रात भी यही हुआ—स्कूटी हटाने को लेकर बहस शुरू हुई, और यह जानलेवा हमले में बदल गई। एक महिला प्रत्यक्षदर्शी ने बताया
आसिफ की पत्नी चिल्ला-चिल्लाकर मदद मांग रही थी, लेकिन किसी ने समय रहते नहीं रोका। जब तक सब कुछ समझ आता, बहुत देर हो चुकी थी।

क्या है पुलिस की कार्रवाई

दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गौतम और उज्जवल दोनों को हिरासत में ले लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर चार्जशीट तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

हुमा कुरैशी का अब तक कोई बयान नहीं
घटना के बाद से अब तक हुमा कुरैशी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन परिवार की ओर से मीडिया से बातचीत में अपील की गई है कि मामले को न्याय दिलाने में कोई कोताही न बरती जाए। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक मामूली सी पार्किंग की बहस एक ज़िंदगी को निगल गई। इस दर्दनाक हत्याकांड ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि यह भी दिखा दिया कि गुस्से और असहनशीलता के चलते हम समाज को कहां ले जा रहे हैं। पुलिस की जिम्मेदारी अब है कि इस बर्बर कांड में दोषियों को कड़ी सजा दिलाकर एक मजबूत उदाहरण पेश करे। प्रकाश कुमार पांडेय

Exit mobile version