उपचुनावों में आम आदमी पार्टी की जीत अब क्या करेंगे केजरीवाल
चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इनमें से दो सीटें आम आदमी पार्टी के खाते में गई हैं। एक सीट गुजरात की है, जबकि दूसरी पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट है। आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के गढ़ माने जाने वाले गुजरात में कांग्रेस की परंपरागत सीट पर कब्जा किया है। पंजाब में जहाँ आम आदमी पार्टी की सरकार है, वहां लुधियाना वेस्ट सीट से पार्टी ने संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा और उन्हें जीत हासिल हुई। इस जीत के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल काफी खुश नज़र आए। जब केजरीवाल से पूछा गया कि अब उनका राजनीतिक भविष्य क्या होगा और क्या वे राज्यसभा जा सकते हैं, तो उन्होंने साफ तौर पर इनकार कर दिया। केजरीवाल ने कहा कि वे राज्यसभा नहीं जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यसभा में कौन जाएगा, इसका फैसला पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी करेगी। दरअसल, लुधियाना वेस्ट से जीत दर्ज करने वाले संजीव अरोड़ा वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। अब विधानसभा सदस्य चुने जाने के बाद वे राज्यसभा से इस्तीफा देंगे। ऐसे में राजनीतिक हलकों में यह अटकलें तेज़ हैं कि आम आदमी पार्टी इस खाली हो रही सीट से अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेज सकती है।