Gujarat by-election में आम आदमी पार्टी को बड़ी जीत, गोपाल इटालिया ने बीजेपी को हराया

गोपाल इटालिया ने भाजपा को हराकर विसावदर सीट जीती
गुजरात के जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) के गोपाल इटालिया ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने बीजेपी के किरण पटेल को 17,581 वोटों के अंतर से हराया। कांग्रेस के नितिन राणपरिया तीसरे स्थान पर रहे। गोपाल इटालिया आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं, और उनकी यह जीत पार्टी के लिए बड़ा मनोबल साबित हो सकती है।

विधायक के इस्तीफे के बाद हुआ था उपचुनाव
यह उपचुनाव AAP विधायक भूपेंद्र भायाणी के दिसंबर 2023 में इस्तीफे और भाजपा में शामिल होने के बाद कराया गया। उनके इस्तीफे से AAP की गुजरात विधानसभा में सीटें घटकर चार रह गई थीं — डेडियापाड़ा, जामजोधपुर, बोटाद और गढ़ियाधर।

बीजेपी ने कड़ी सीट बरकरार रखी
मेहसाणा जिले की अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कड़ी सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 38,904 वोटों से हराया। यह उपचुनाव भाजपा विधायक कर्सनभाई सोलंकी के निधन के बाद हुआ था। कड़ी सीट पर भाजपा का लंबे समय से दबदबा रहा है।

केरल की नीलांबूर सीट पर UDF की जीत
केरल की नीलांबूर विधानसभा सीट पर कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ उम्मीदवार आर्यादन शौकत ने सीपीआई (एम) के एम. स्वराज को 11,077 वोटों से हराया। यह जीत कांग्रेस के लिए दक्षिण भारत में मनोबल बढ़ाने वाली मानी जा रही है।

लुधियाना वेस्ट में AAP आगे, कालिगंज में TMC बढ़त में
पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर AAP उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि पश्चिम बंगाल की कालिगंज सीट पर टीएमसी उम्मीदवार ने बढ़त बनाई है। इन पांचों विधानसभा सीटों पर 19 जून को मतदान हुआ था, जिनके परिणाम अब धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं।

प्रकाश कुमार पांडेय

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Exit mobile version