मायानगरी मुंबई निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी की एंट्री… इन सीटों पर केजरीवाल उतारेंगे उम्मीदवार

Aam Aadmi Party enters Mumbai civic elections

मुंबई: आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को भिवंडी और नवी मुंबई में होने वाले आगामी नगर निकाय चुनावों में पहली बार उतरने का ऐलान किया। पार्टी ने दोनों नगर निगमों में अधिकतम सीटों पर उम्मीदवार खड़े करने की योजना का खुलासा किया है।

मीडिया से बातचीत में आप की भिवंडी इकाई के अध्यक्ष मसीह इकबाल और महासचिव हनुमंत जाधव ने बताया कि पार्टी ने भिवंडी-निजामपुर नगर निगम की कुल 90 सीटों में से 30 सीटों पर उम्मीदवारों की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि पार्टी शिक्षित, सक्षम, स्वच्छ छवि वाले और स्थानीय मुद्दों की अच्छी समझ रखने वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारने पर जोर दे रही है। शेष सीटों के लिए स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं से बातचीत जारी है।

नवी मुंबई में भी आम आदमी पार्टी पहली बार नगर निकाय चुनाव लड़ने जा रही है। नवी मुंबई इकाई के प्रमुख दिनेश ठाकुर ने बताया कि पार्टी 111 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। वहीं ठाणे शहर में आप 131 सदस्यीय नगर निगम की 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने का इरादा रखती है। ठाणे इकाई के अध्यक्ष अमर आमटे ने बताया कि AAP  को 40 से अधिक इच्छुक उम्मीदवारों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

आप नेताओं ने कहा कि पार्टी का चुनावी अभियान स्थानीय नागरिक मुद्दों पर केंद्रित रहेगा, जिनमें खराब सड़कों की स्थिति, अपर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं, पानी की किल्लत, स्वच्छता संबंधी समस्याएं और नगर निगम प्रशासन में कथित भ्रष्टाचार शामिल हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, आम आदमी पार्टी पारदर्शिता और जनकल्याण पर आधारित उसी शासन मॉडल को लागू करने का लक्ष्य रखती है, जिसे उसने दिल्ली और पंजाब में अपनाया है।

गौरतलब है कि ठाणे, भिवंडी-निजामपुर और नवी मुंबई सहित राज्य की 29 नगर निगमों के लिए मतदान 15 जनवरी को होगा, जबकि मतगणना अगले दिन की जाएगी।

Exit mobile version