उद्धव-राज ठाकरे की एक तस्वीर ने महाराष्ट्र की सियासत में ला दी गर्मी…’न इनकार, न इजहार… पर जनता हो गई बेकरार’

महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर उबाल पर है और इस बार वजह है ठाकरे परिवार की दो शाखाओं—उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे—की संभावित नजदीकी। शिवसेना (उद्धव गुट) के मुखपत्र ‘सामना’ ने हाल ही में अपने पहले पेज पर एक बड़ी तस्वीर छापी, जिसमें दोनों नेता साथ खड़े नजर आए। इसके साथ ही छपा शीर्षक—”महाराष्ट्र के मन में जो है वही होगा!”—राजनीतिक गलियारों में बहस का नया विषय बन गया है।

परिवार में दूरियाँ, राजनीति में समीकरण
पिछले दो दशकों में महाराष्ट्र की राजनीति में ठाकरे परिवार की भूमिका बहुपरिवर्तित रही है। राज ठाकरे, जिनका बाल ठाकरे के उत्तराधिकारी के रूप में नाम लिया जाता था, 2006 में उद्धव ठाकरे से मतभेद के चलते अलग हो गए और अपनी नई पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) की स्थापना की। वहीं उद्धव ने बालासाहेब की विरासत संभाली और शिवसेना को आगे बढ़ाया।

पर 2022 में एकनाथ शिंदे के बगावत के बाद शिवसेना भी दो गुटों में टूट गई—एकनाथ शिंदे की “शिवसेना” और उद्धव ठाकरे की “शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे)”। इससे उद्धव की राजनीतिक पकड़ कमजोर हुई। उधर, राज ठाकरे का राजनीतिक ग्राफ भी निरंतर नीचे गिरता चला गया।

बदलता राजनीतिक परिदृश्य: एकता की संभावना
हाल के महीनों में ठाकरे भाइयों की बढ़ती बातचीत और अब साझा तस्वीर ने यह सवाल खड़ा कर दिया है—क्या ठाकरे फिर साथ आ सकते हैं?
राज ठाकरे ने कुछ सप्ताह पहले एक इंटरव्यू में भाई उद्धव के साथ आने की इच्छा जताई थी। तब से ही अटकलों का दौर जारी है। अब जबकि सामना में यह प्रतीकात्मक लेकिन असरदार तस्वीर छपी है, महाराष्ट्र में राजनीति का तापमान चढ़ गया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह “न इनकार, न इजहार” की स्थिति है—कोई आधिकारिक घोषणा नहीं, लेकिन संकेत बेहद स्पष्ट हैं।

एकता के सियासी मायने
उद्धव और राज ठाकरे एकजुट होते हैं तो यह न सिर्फ ठाकरे परिवार के लिए अहम मोड़ होगा, बल्कि महाराष्ट्र की विपक्षी राजनीति में भी बड़ा फेरबदल ला सकता है। भविष्य में होने वाले संभावित इस मेलमुलाकात एक सामाजिक-सांस्कृतिक एकता के तौर पर भी देखा जा रहा है। महाराष्ट्र के यह दोनों नेता मराठी अस्मिता की राजनीति से भी जुड़े है। ऐसे में बीजेपी और एकनाथ शिंदे के लिए यह गठबंधन चुनौतीपूर्ण बन सकता है। खासकर 2029 में होने वाले चुनाव की दृष्टि से।

सियासी मजबूरी या रणनीतिक चाल?
इस संभावित एकता को कई लोग राजनीतिक मजबूरी भी मान रहे हैं। दोनों नेताओं की राजनीतिक हैसियत में आई गिरावट ने उन्हें पुनः साथ आने को मजबूर किया है। उद्धव ठाकरे को शिवसेना के बिखराव के बाद अपनी राजनीतिक साख बचानी है। राज ठाकरे को अपनी प्रासंगिकता बनाए रखनी है।
साथ आने पर दोनों का संयुक्त मतदाता वर्ग मजबूत हो सकता है।

अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह तस्वीर केवल प्रतीक है या आगे चलकर यह कोई बड़ा गठबंधन बनकर सामने आएगा। जनता जरूर बेकरार है, लेकिन अभी तक दोनों पक्षों ने न कोई इनकार किया है और न ही खुलकर इजहार। अगर यह गठबंधन होता है, तो महाराष्ट्र की सियासत में नया अध्याय शुरू हो सकता है—जहां ठाकरे परिवार फिर से एक साथ खड़ा होकर अपने “दबदबे वाले दिन” वापस पाने की कोशिश करेगा।

 

 

 

 

 

Exit mobile version