बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव बीती रात एक बड़े हादसे का शिकार होते बाल-बाल बच गए। पूर्व डिप्टी सीएम यादव के काफिले में एक ट्रक घुस आया था। जिसने स्कॉर्ट गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तेजस्वी यादव को सुरक्षा घेरे में लेकर चल रहे कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। ये हादसा उस समय हुआ जब देर रात करीब डेढ़ बजे मधेपुरा से पटना लौटने के दौरान तेजस्वी यादव ने हाईवे पर चाय पीने के लिए अपना काफिला रुकवाया था। तेजस्वी यादव पार्टी के प्रवक्ता शक्ति यादव और RJD के दूसरे नेताओं के साथ अपने वाहन से उतरे ही थे की एक तेज रफ्तार ट्रक उनके काफिले से टकरा गया। तेज रफ्तार ट्रक ने काफिले में शामिल एक वाहन को जोड़दार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
- मधेपुरा से पटना आ रहे थे तेजस्वी
- हाजीपुर-मुजफ्फरपुर हाइवे गोरौल सराय थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
- तेजस्वी यादव के काफिले में घुसा अनियंत्रित ट्रक
- बाल बाल बचे तेजस्वी, तीन सुरक्षाकर्मी घायल
- काफिले में शामिल तीन गाड़ियों को मारी टक्कर
- तेजस्वी यादव की गाड़ी से 5 फीट दूर हुआ हादसा
- ट्रक चालक को टोल प्लाजा के पास से किया गिरफ्तार
- सराय थाना पुलिस कर रही चालक से पूछताछ
- तेजस्वी यादव ने कहा कि यह सिर्फ एक हादसा
- प्रशासन से मजबूत सड़क सुरक्षा की मांग
शुक्रवार देर रात बिहार की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब राज्य के नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल राजद के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव के काफिले का एक वाहन के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह हादसा रात लगभग 1:30 बजे हाजीपुर-मुजफ्फरपुर हाईवे पर गोरौल थाना क्षेत्र में हुआ जब तेजस्वी यादव मधेपुरा से पटना लौट रहे थे। बताया जाता है कि तेजस्वी यादव की गाड़ियों के काफिले में तीन गाड़ियों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना इतनी भयावह थी कि एक गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।
राहत की बात यह रही कि यह हादसा तेजस्वी यादव की गाड़ी से महज 5 फीट की दूरी पर हुआ। अगर ट्रक की दिशा थोड़ी भी बदलती, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। तीनों घायल सुरक्षाकर्मियों को तत्काल नजदीकी हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की एक टीम इलाज में जुटी है। वैशाली के सिविल सर्जन डॉ. श्यामनंदन प्रसाद ने जानकारी दी कि सभी घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ज़रूरत पड़ने पर उन्हें पटना या अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाएगा। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही सराय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भाग रहे ट्रक चालक को टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है कि यह टक्कर हादसा थी या लापरवाही का परिणाम।
इस बीच तेजस्वी यादव ने पुलिस के सवाल पर इसे एक “दुर्घटना” बताया लेकिन साथ ही यह भी कहा कि सड़कों पर हमारे सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। ऐसे हादसों से कई ज़िंदगियां खतरे में पड़ सकती हैं। सरकार को चाहिए कि सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाए। तेजस्वी यादव पूरी तरह सुरक्षित हैं और घटना के बाद भी उन्होंने पटना की ओर अपनी यात्रा जारी रखी। पार्टी ने राज्य सरकार से इस पूरे मामले की जांच और ट्रक चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना को लेकर बिहार की राजनीति में भी हलचल मच गई है। कई विपक्षी नेताओं ने सरकार पर तेजस्वी यादव की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं एनडीए नेताओं ने राहत की सांस लेते हुए तेजस्वी यादव की कुशलता पर ईश्वर का धन्यवाद दिया है। यह हादसा एक बार फिर से राज्य में वीआईपी सुरक्षा और सड़क सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल खड़े करता है। बिहार की सड़कों पर तेज रफ्तार, ओवरलोड ट्रक और लापरवाह ड्राइविंग पहले भी कई बार जानलेवा हादसों की वजह बन चुके हैं।