Bihar Election 2025 : भाजपा को झटका चार बार के विधायक ने दिया पार्टी से इस्तीफा
बिहार की चुनावी बिसात धीरे-धीरे बिछने लगी है। अभी चुनावी अधिसूचना तो जारी नहीं हुई, लेकिन सियासी पारा चढ़ने लगा है। पार्टियों की रैलियां, यात्राओं के साथ-साथ आरोप-प्रत्यारोप और दल-बदल का दौर जारी हो चुका है। इस बार के चुनावों में बीजेपी, कांग्रेस गठबंधन दलों के साथ-साथ प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी भी मैदान में है। पुराने दलों आरजेडी, जेडीयू के कई नेता अब जनसुराज को भी ज्वाइन कर रहे हैं। बीजेपी के चार बार के विधायक रहे नेता ने भी जनसुराज का हाथ थाम लिया है। अररिया के नरपतगंज से 4 बार के बीजेपी विधायक रहे जनार्दन यादव ने ऐन वक्त पर भाजपा से इस्तीफा दे दिया और जनसुराज का दामन थाम लिया। जनसुराज के प्रशांत किशोर ने लाल गमछा पहनाकर जनार्दन यादव का स्वागत किया। जनार्दन यादव ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जनसुराज ज्वाइन की। यादव जेपी आंदोलन से उपजे नेता हैं। वे चार बार बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं। अब उनका आरोप है कि पार्टी में उन्हें तवज्जो नहीं दी जा रही है। यादव 2015 तक बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ते रहे हैं।




