करांची। पाकिस्तान की हालत खराब है। वह ऐसे दलदल में फंस चुका है, जहां से निकलने का रास्ता उसे नहीं दिखाई पड़ रहा है। पहले से ही विदेशी कर्ज के तले दबे पाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने अपने मुल्क की आर्थिक स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है। आसिफ ने स्वीकार किया है कि पाकिस्तान दीवालिया हो चुका है। उन्होंने कहा,’ हम एक दिवालिया मुल्क में रह रहे हैं। पाकिस्तान बहुत पहले ही दिवालिया हो चुका है। अब IMF भी हमारी मदद नहीं कर सकता। हमें खुद ही इसका समाधान ढूंढना होगा।’
बिहार के मुख्यमंत्री की कांग्रेस को सलाह
पटना। बिहार के CM नीतीश कुमार ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष को एकजुट होने की सलाह दी। नीतीश ने पटना में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-ML) के अधिवेशन में विपक्षा एकता के लिए दवा भी बताई। उन्होंने कहा कि 2024 की रणनीति को लेकर कांग्रेस को फैसला लेना है। अगर कांग्रेस तैयार हो जाती है तो 2024 में भाजपा 100 सीटों के अंदर सिमट जाएगी। पटना में हो रहे इस अधिवेशन में कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद भी मौजूद थे। उन्होंने मंच से ही ने नीतीश को जवाब दिया। खुर्शीद ने कहा कि नीतीश जैसा सोचते हैं, कांग्रेस भी वैसा ही सोचती है। बस बात इतनी सी है कि पहले आई लव यू कौन कहेगा। यानी, खुर्शीद पूछना चाह रहे थे कि गठबंधन के लिए पहल कौन करेगा?
अमेरिका और चीन के बीच तनाव बढ़ा
म्यूनिख। चीनी जासूसी गुब्बारे को लेकर अमेरिका और चीन के बीच संबंध तनावपूर्ण स्थिति में है। दोनों देशों के बीच इसे लेकर तू-तू मैं-मैं जारी है। बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शनिवार को अपने चीनी समकक्ष वांग यू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चीन को अमेरिकी हवाई क्षेत्र में जासूसी गुब्बारे भेजने के अपने ‘गैर जिम्मेदाराना कृत्य’ को नहीं दोहराने की चेतावनी दी। द वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि सचिव ने चीन को स्पष्ट लहजे में कह दिया है कि अमेरिका अपनी संप्रभुता और सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा। शीर्ष अमेरिकी और चीनी राजनयिकों के बीच शनिवार को बैठक म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के इतर हुई थी।
अमेजन के कर्मचारियों को ऑफिस से करना होगा काम
दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के कर्मचारियों को लिए बड़ी खबर है। कंपनी ने अपने कॉरपोरेट इंप्लाइज को ऑफिस जॉइन करने के लिए कहा है। कंपनी ने कर्मचारियों को आदेश देते हुए कहा कि अब उन्हें कम से कम हफ्ते में तीन दिन ऑफिस से काम करना होगा। यह नया सिस्टम 1 मई, 2023 से लागू हो जाएगा। यह जानकारी कंपनी के सीईओ एंडी जेसी ने कर्मचारियों को एक मेमो भेजकर दी है। एंडी जेसी ने कहा कि ऑफिस में आकर साथ काम करने से कर्मचारियों के बीच बेहतर सूचना का तंत्र स्थापित होगा और इसका असर काम पर भी दिखेगा।





