परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी का स्वागत… लोकसभा-विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण और सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस फैसले को भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी और सशक्त बनाने वाला ऐतिहासिक कदम बताते हुए देश की मातृशक्ति को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि इस संविधान संशोधन विधेयक से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे देश की महिलाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्णय प्रक्रिया में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि के प्रस्ताव से जनप्रतिनिधित्व का विस्तार होगा। इससे देश के प्रत्येक क्षेत्र की समस्याओं, अपेक्षाओं और आकांक्षाओं को संसद में और मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा।
डॉ. यादव ने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले नई व्यवस्था लागू करने की दिशा में नए परिसीमन आयोग के शीघ्र गठन और आरक्षित सीटों के रोटेशन का प्रावधान भी किया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण, लोकतांत्रिक भागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।





