विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में प्रगति करने के साथ ही चीन अपने नागरिकों को विभिन्न मूलभूत
सुविधाएं प्रदान करने के मामले में भी पीछे नहीं है। चीन में स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में हाल के
दशकों में व्यापक सुधार देखा गया है। यहां स्वास्थ्य की बात करें तो चीन ने जिस तरह से सामुदायिक
भागीदारी पर जोर दिया है, उससे हेल्थ सिस्टम और मजबूत हुआ है। विशेषज्ञ कहते हैं कि चीन
सरकार और संबंधित विभागों ने जन स्वास्थ्य को सुधारने के लिए गंभीरता से काम किया है। इस
संबंध में काफी निवेश किया गया है, साथ ही हेल्दी चाइना-2030 अभियान चलाया गया। जिसके
नतीज़े सामने आ रहे है और अंतर्राष्ट्रीय जगत में भी चीन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना हो रही
है।
गौरतलब है कि चीन एक बड़ी आबादी वाला देश है, ऐसे में सभी लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं
मुहैया कराना कोई आसान काम नहीं है। हालांकि चीन ने इस दिशा में बेहतरीन प्रयास किए हैं, इसकी
पुष्टि मेडिकल जर्नल द लैंसेट ने भी की है। इससे पता चलता है कि चीन में जन स्वास्थ्य निरंतर
बेहतर हो रहा है।
द लैंसेट के मुख्य संपादक रिचर्ड हॉर्टन कहते हैं कि हेल्थकेयर को आगे बढ़ाने के लिए चीन की मजबूत
राजनीतिक इच्छाशक्ति, और साथ ही समानता व सामुदायिक भागीदारी पर उसका जोर, देश की
स्वास्थ्य प्रगति को तेज करने में मददगार रहा है। यह पूरी दुनिया के लिए एक बेहतरीन सीख है।
जाहिर है कि चीन सरकार ने कई क्षेत्रों को एक साथ जोड़कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में निवेश बढ़ाया है।
इसमें वर्ष 2009 में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए शुरू किया गया राष्ट्रीय सुधार
अहम रहा। साथ ही, स्वास्थ्य समानता सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई रणनीतिक योजना
हेल्दी चाइना 2030 को लेकर सरकार ने हर स्तर पर काम किया है।
चीन ने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा, आवास, रोजगार, पानी, स्वच्छता और पोषण जैसे
क्षेत्रों को स्वास्थ्य के साथ जोड़ने के महत्व को समझा। इसके चलते सरकार ने पिछले एक दशक में
इन सभी विभागों को एक साथ मिलकर काम करने के लिए प्रेरित किया, ताकि स्वास्थ्य के क्षेत्र में
प्रगति हासिल हो।
लोगों के स्वास्थ्य में आए सुधार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संबंध गरीबी उन्मूलन से भी है।
क्योंकि चीन ने हाल के दशकों में लगभग 80 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में
कामयाबी हासिल की है। लैंसेट की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीन द्वारा चलाए गए व्यापक
अभियान के तहत वर्ष 2015 से 2020 तक करीब 5.58 करोड़ नागरिक गरीबी के चंगुल से मुक्त हुए।
इस दौरान सभी काउंटी स्तरीय क्षेत्रों में अत्यधिक गरीबी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। इस
दौरान चीन ने 210 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश किया, जो कि वार्षिक औसत निवेश के मामले में
11.6 फीसदी ज्यादा है। बताया जाता है कि इस कार्यक्रम की सफलता स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में किए गए संयुक्त
प्रयासों, और साथ ही विभिन्न स्तरों व क्षेत्रों के प्रशासन को एक साथ जोड़ने पर टिकी थी।
ध्यान रहे कि गरीबी उन्मूलन के साथ ही हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी आम बीमारियों के
इलाज की पहुंच में व्यापक सुधार हुआ है।
लैंसेट के रिपोर्ट के अनुसार, इलाज योग्य 30 गंभीर बीमारियों के लिए उपचार दर 99.6 प्रतिशत तक
पहुंच गई है, जबकि हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने की दर 2019 के 33 प्रतिशत से बढ़कर 2022
में 45.4 फीसदी हो गई।
यह कहने में कोई दोराय नहीं कि चीन अपने देश के नागरिकों को शानदार स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान
करने में अग्रणी रहा है, साथ ही शहरों और ग्रामीण इलाकों में असमानता को खत्म करने पर भी काफी
ध्यान दिया गया है।
(अनिल पांडेय, चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





