स्थानीय समयानुसार शुक्रवार दोपहर, फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित यूनेस्को मुख्यालय में
10वें ‘यूनेस्को-इक्वेटोरियल गिनी अंतर्राष्ट्रीय जीवन विज्ञान अनुसंधान पुरस्कार’ का समारोह
आयोजित हुआ। हांगकांग यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की अध्यक्ष तथा चीनी विज्ञान
अकादमी की शिक्षाविद् प्रोफेसर ये युरू को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। वे यह सम्मान पाने
वाली छठी चीनी वैज्ञानिक हैं।
यूनेस्को के अनुसार, प्रोफेसर ये युरू को न्यूरोसाइंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए चुना
गया। उन्होंने मस्तिष्क कार्य और अल्जाइमर रोग पर महत्वपूर्ण शोध किया, नए जैविक
चिह्नक एवं आनुवंशिक जोखिम कारक खोजे, अल्जाइमर के शुरुआती निदान तथा रोग
निगरानी में सहायक रक्त परीक्षण तकनीक विकसित की, और न्यूरोडीजेनेरेटिव रोगों की जीन
थेरेपी में अग्रणी शोध किया।
इस पुरस्कार के अन्य दो विजेता स्पेन के सारागोसा विश्वविद्यालय के प्रोफेसर कार्लोस मार्टिन
मोंटानेस और मोरक्को के फेस शहर में स्थित सीदी मोहम्मद बेन अब्दुल्ला विश्वविद्यालय के
प्रोफेसर अदनान रेमाल हैं। उन्हें क्रमशः तपेदिक के कमजोर किए गए जीवित टीके के विकास
तथा रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि यह पुरस्कार वर्ष 2008 में स्थापित किया गया था और इक्वेटोरियल गिनी
सरकार द्वारा वित्त पोषित है। इसका उद्देश्य जीवन विज्ञान अनुसंधान के माध्यम से मानव
जीवन की गुणवत्ता सुधारने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों को सम्मानित
करना तथा जीवन विज्ञान के विकास और संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा देना है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





