2026 विश्व शहरी दिवस का वैश्विक मुख्य कार्यक्रम और चौथे वैश्विक सतत विकास शहरी
पुरस्कार (शांगहाई पुरस्कार) समारोह का आयोजन शनिवार को दक्षिण-पूर्वी चीन के फ़ूच्येन प्रांत
की राजधानी फ़ूचो में किया गया। चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग ने उद्घाटन समारोह में हिस्सा
लिया। इस दौरान उन्होंने विजेता शहरों को पुरस्कार प्रदान किए और कार्यक्रम को संबोधित भी
किया।
अपने संबोधन में हे लिफेंग ने कहा कि नए युग में चीनी सरकार ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग के
महत्वपूर्ण निर्देशों के अनुरूप जन-केंद्रित शहरी विकास की अवधारणा को व्यापक रूप से लागू किया
है। इसके परिणामस्वरूप चीन के शहरी विकास में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
उन्होंने कहा कि चीन में अब लगभग सभी लोगों के लिए आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
शहरी आबादी को बेहतर रोजगार के अवसर मिले हैं और लोगों के बीच, साथ ही इंसान और प्रकृति के
बीच तालमेल बेहतर हुआ है। इसके अलावा, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रभावी ढंग से
संरक्षण किया गया है तथा शहरों के प्रबंधन और प्रशासन की क्षमता भी लगातार मजबूत हुई है।
उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा और आने वाले समय में चीन केंद्रीय शहरी कार्य सम्मेलन में तय
योजनाओं के अनुसार शहरों के विकास को आगे बढ़ाएगा। इसके तहत नवाचार को बढ़ावा देने वाले,
रहने योग्य, सुंदर, सुरक्षित और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम, सभ्य तथा स्मार्ट आधुनिक
शहरों का निर्माण किया जाएगा। चीन अपनी विशेषताओं के अनुरूप शहरी आधुनिकीकरण का एक
नया रास्ता अपनाएगा।
हे लिफेंग ने यह भी कहा कि चीन सभी देशों और पक्षों के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र के 2030
सतत विकास एजेंडा और नए शहरी एजेंडा को लागू करने के लिए तैयार है। इसका उद्देश्य शहरी
विकास का लाभ दुनिया के सभी देशों के लोगों तक पहुंचाना और बेहतर शहर, बेहतर जीवन के
लक्ष्य को साकार करना है।
इससे पहले, उद्घाटन समारोह से पहले हे लिफेंग ने संयुक्त राष्ट्र मानव बस्ती कार्यक्रम (यूएन-
हैबिटेट) की कार्यकारी निदेशक अनाक्लाउडिया रोस्बाख से मुलाकात की। इस दौरान हे लिफेंग ने
कहा कि चीन यूएन-हैबिटेट के साथ रणनीतिक समन्वय और सहयोग को और मजबूत करना चाहता
है। साथ ही, वह परामर्श, संयुक्त निर्माण और साझा लाभ पर आधारित वैश्विक शासन की
अवधारणा को बढ़ावा देने तथा ग्लोबल साउथ के देशों को सतत शहरी विकास हासिल करने में मदद
करने के लिए तैयार है।
वहीं, रोस्बाख ने कहा कि यूएन-हैबिटेट चीन के साथ व्यावहारिक सहयोग को लगातार आगे बढ़ाना
चाहता है और दुनिया भर में लोगों के रहने की परिस्थितियों को बेहतर बनाने में योगदान देना
चाहता है।
कार्यक्रम के दौरान हे लिफेंग ने 2026 विश्व शहरी दिवस के वैश्विक मुख्य कार्यक्रम के आयोजन
स्थल पर बनाए गए अनुभव क्षेत्र का भी दौरा किया।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





