चीनी विदेशी मुद्रा राज्य प्रशासन की ओर से जारी की पहली छमाही के लिए चीन का
अंतरराष्ट्रीय भुगतान संतुलन रिपोर्ट के अनुसार, इस साल की पहली छमाही में चीन के चालू खाते
के लेनदेन का कुल मूल्य 46 खरब अमेरिकी डॉलर रहा, जो पिछले साल की समान अवधि की
तुलना में 16 फीसदी अधिक है। वहीं, चालू खाते का अधिशेष 378 अरब अमेरिकी डॉलर रहा और
सकल घरेलू उत्पाद के अनुपात में यह स्तर स्थिर रहा।
वस्तु व्यापार की बात करें तो, भुगतान संतुलन के आंकड़ों के अनुसार, इस साल की पहली छमाही
में वस्तुओं के आयात और निर्यात का कुल मूल्य पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 18
फीसदी बढ़ा। इस दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता और हरित ऊर्जा से जुड़े व्यापार में खास तौर पर अच्छा
प्रदर्शन देखने को मिला। वस्तुओं के आयात में करीब 20 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जो निर्यात की
वृद्धि दर से 2.3 प्रतिशत अंक अधिक रही।
इसी तरह, सेवा व्यापार में भी तेजी दर्ज की गई। इस साल की पहली छमाही में चीन के सेवा निर्यात
में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 21 फीसदी की वृद्धि हुई। विदेशी नागरिकों की चीन
यात्रा में बढ़ोतरी और उभरती उत्पादक सेवाओं के निर्यात में तेज वृद्धि ने इसमें अहम भूमिका
निभाई। इन दोनों क्षेत्रों की वजह से सेवा निर्यात में क्रमशः 16 फीसदी और 42 फीसदी की वृद्धि
हुई। वहीं, सेवा आयात में सालाना आधार पर 7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई, जिससे चीन दुनिया के
प्रमुख सेवा आयातकों में शामिल रहा।
इसके साथ ही, चीन में सीमा पार निवेश और वित्तपोषण गतिविधियां भी अधिक सक्रिय रहीं और
दोनों दिशाओं में निवेश में वृद्धि हुई। इस साल की पहली छमाही में चीन में शुद्ध निवेश 192 अरब
अमेरिकी डॉलर बढ़ा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 68.2 अरब अमेरिकी
डॉलर रहा था।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





