शनिवार से रविवार तक, चीनी राज्य परिषद सूचना कार्यालय ने विदेश मंत्रालय के सहयोग से
विदेशी मीडिया पत्रकारों को दक्षिण-पश्चिमी चीन के शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के शिकाज़े शहर के
चीलोंग जिले में मडस्लाइड प्रभावित क्षेत्र का दौरा कराया। अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, भारत,
पाकिस्तान, सिंगापुर, ब्राजील और अन्य देशों तथा क्षेत्रों के पत्रकारों ने इस दौरे में हिस्सा लिया।
पत्रकारों के दल ने चीलोंग बंदरगाह समेत प्रभावित इलाकों का दौरा किया और आपदा, राहत तथा
पुनर्निर्माण कार्यों की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान उन्होंने भूवैज्ञानिक
विशेषज्ञों, अग्निशमन एवं बचाव कर्मियों तथा चाइना एनेंग के कर्मचारियों से बातचीत की।
पत्रकारों ने प्रभावित क्षेत्रों का फुटेज भी शूट किया और ऑन-कैमरा रिपोर्टिंग की।
प्रभावित क्षेत्र के दौरे के बाद पत्रकारों ने शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के चीलोंग जिले में "8.26"
मडस्लाइड आपदा आपातकालीन राहत मुख्यालय की ओर से आयोजित चीन-विदेशी मीडिया
बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान मुख्यालय ने विदेशी पत्रकारों को राहत कार्यों की नवीनतम जानकारी दी। कई
पत्रकारों ने आपदा की स्थिति, बचाव कार्यों की प्रगति और लापता लोगों के परिवारों को दी जा रही
सहायता से जुड़े सवाल पूछे। चीनी अधिकारियों ने इन सवालों के विस्तृत जवाब दिए और संबंधित
चिंताओं को दूर करने के साथ नवीनतम आपदा आंकड़े तथा विदेशी नागरिकों से जुड़े मामलों की
व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।
मुख्यालय के मुताबिक, बार-बार सत्यापन के बाद 261 विदेशी लापता लोगों की पुष्टि हुई है, जो
23 देशों से हैं। उनके संबंधित दूतावासों को राजनयिक माध्यमों से इसकी जानकारी दी जा चुकी है।
लापता विदेशियों के परिवारों के लिए 24 घंटे की हॉटलाइन भी शुरू की गई है, जिस पर अब तक
509 कॉल प्राप्त हो चुकी हैं और परिवारों को नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है। इसके
अलावा, चीन ने संबंधित देशों के साथ सूचना साझा करने का तंत्र भी स्थापित किया है। खास तौर
पर नेपाल के साथ मौसम, जल विज्ञान, हिमनदों और ग्लेशियल झीलों से जुड़ी जानकारी रोजाना
साझा की जा रही है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)





