जालंधर। पंजाब में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शनिवार को जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उन्हें फौरन फगवाड़ा के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कहा कि उनकी रास्ते में ही मौत हो चुकी है। सांसद संतोख का उनके पैतृक गांव धालीवाल में अंतिम संस्कार कल यानी रविवार, 15 जनवरी को किया जाएगा। राहुल ने भारत जोड़ो यात्रा रविवार तक रोक दी है।
सुबह तक बिल्कुल ठीक थे संतोख
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर राजा वड़िंग ने कहा कि सुबह चौधरी संतोख सिंह पूरी तरह से ठीक थे। खुद वह स्टेज पर नारे लगा रहे थे। डॉक्टर ने कहा कि उन्हें सडन हार्ट फेलियर हुआ। उस समय के वीडियो फुटेज वायरल हो रहे हैं, जिसमें देखा जा सकता है कि 76 साल के संतोख राहुल से कुछ दूरी पर चल रहे थे। ऐसा ही एक वीडियो एक दूसरी वेबसाइट ने भी शेयर किया है।
300 मीटर चलने के बाद सुबह 8.25 बजे अटैक आया। वे रुक गए और वहीं बैठ गए। लोगों ने उन्हें उठाया। करीब 20 मिनट बाद रास्ते में ही 8.45 बजे निधन हो गया।
ठंड और एज फैक्टर से बिगड़ी तबीयत
फगवाड़ा के विर्क अस्पताल के डॉक्टर जसजीत सिंह विर्क ने बताया कि यह सडन कार्डियक अरेस्ट हो सकता है। इसकी वजह ठंड भी हो सकती है। उन्हें पहले भी कोई प्रॉब्लम हो सकती है। उम्र का फैक्टर भी इसमें अहम है। भारत जोड़ो यात्रा कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। कल सुबह करीब 11 बजे संतोख के अंतिम संस्कार के बाद शुरू होगी। वैसे, राहुल फिल्लौर के भटि्टयां तक यात्रा को ले गए। इसके बाद जैसे ही खबर मिली, यात्रा को रोक दिया गया।