Keshari Nath Tripathi died: वरिष्ठ भाजपा नेता, यूपी के पूर्व स्पीकर और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल रहे केशरी नाथ त्रिपाठी नहीं रहे। वह 88 वर्ष के थे। उनके निधन पर प्रधानमंत्री ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी सेवाओं और बुद्धिमत्ता के लिए याद ट्वीट किया। उन्होंने लिखा “श्री केशरी नाथ त्रिपाठी जी अपनी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए सम्मान दिया जाता था। संवैधानिक मामलों के जानकार थे। यूपी में बीजेपी को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही और उन्होंने राज्य के विकास के लिए कठिन मेहनत की। उनके निधन से बहुत दुख हुआ है। उनको परिवार और उनके चाहने वालों के लिए संवेदना। ओम शांति।”
पिछले कुछ दिनों से बीमार थे
केशरी नाथ त्रिपाठी 30 दिसम्बर को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती हुए थे। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे, हालांकि तबीयत में सुधार होने पर 4 जनवरी को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। उसके बाद घर पर ही उनकी देखरेख की जा रही थी। रविवार 8 जनवरी की सुबह 5 बजे उनका निधन हो गया। उन्होंने प्रयागराज स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। आज वहीं रसूलाघाट पर शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा।
राजनाथ सिंह और योगी ने भी जताया दुख
केंद्रीय रक्षा मंत्री और यूपी के मुख्यमंत्री रहे राजनाथ सिंह ने केशरी नाथ को याद करते हुए लिखा “पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल, श्री केशरी नाथ त्रिपाठी जी का एक लंबा सार्वजनिक जीवन रहा, जिस दौरान उन्होंने बड़ा महत्वपूर्ण योगदान किया। उनकी सहजता, सरलता और विद्वता सभी को प्रभावित करती थी। उनके निधन से मुझे गहरी वेदना हुई है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें। ओम् शांति!”
त्रिपाठी के निधन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है। सीएम योगी ने ट्वीट किया “वरिष्ठ राजनेता, भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प. बंगाल के पूर्व राज्यपाल आदरणीय केशरी नाथ त्रिपाठी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!”





