हंटावायरस से प्रभावित एक क्रूज़ शिप अपनी यात्रा के अंत में रॉटरडैम की ओर बढ़ रहा है। क्रूज में जान लेवा हंता वायरस के मरीज पाए गए हैं जिसके चलते लोगों में दहशत है। क्रूज़ शिप सोमवार को अपने बचे हुए यात्रियों के साथ नीदरलैंड के रॉटरडैम के तट पर पहुँच गया।
नीदरलैंड पंहुचा है क्रूज
हंता वायरस से प्रभावित ये क्रूज़ जहाज़ , सोमवार को रॉटरडैम में अपनी आखिरी मंज़िल पर पहुँचा। जहाज़ पर बचे हुए कर्मचारियों को अब हफ़्तों तक क्वारंटाइन में रहना होगा। अधिकारियों के मुताबिक, MV Hondius जहाज़ के डच बंदरगाह पर सुबह 10:00 बजे (0800 GMT) से दोपहर 12:00 बजे (1000 GMT) के बीच पहुँचने की उम्मीद है। इसके बाद जहाज़ पर सवार बाकी 27 लोगों को उतारा जाएगा: इनमें 25 कर्मचारी और दो मेडिकल स्टाफ़ शामिल हैं। एक अलग जहाज़ पर सवार AFP के रिपोर्टरों ने इस जहाज़ को रॉटरडैम की ओर बढ़ते हुए देखा। रॉटरडैम यूरोप का सबसे बड़ा बंदरगाह है, जहाँ यह जहाज़ अपनी आखिरी डॉकिंग और डिसइन्फ़ेक्शन (कीटाणु-मुक्त करने) के लिए पहुँचा है।
डच कंपनी Oceanwide Expeditions द्वारा संचालित यह जहाज़ तब सुर्खियों में आया, जब इस पर सवार तीन यात्रियों की हंटावायरस से मौत हो गई। हंटावायरस एक दुर्लभ वायरस है, जिसके लिए न तो कोई वैक्सीन उपलब्ध है और न ही कोई विशेष इलाज।
विश्व स्वास्थ्य संगठन WHO ने क्या कहा
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने दुनिया को यह भरोसा दिलाने की पूरी कोशिश की है कि यह प्रकोप कोविड महामारी की वापसी या पुनरावृति नहीं है, और इस बात पर ज़ोर दिया है कि इसका संक्रमण बहुत ही दुर्लभ है। WHO प्रमुख टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने 12 मई को पत्रकारों से कहा, “ऐसा कोई संकेत नहीं है कि हम किसी बड़े प्रकोप की शुरुआत देख रहे हैं।” हालाँकि, टेड्रोस ने चेतावनी दी कि इस वायरस का इनक्यूबेशन पीरियड (संक्रमण का समय) कई हफ़्तों का होता है, जिसका मतलब है कि भविष्य में जहाज़ में सवार लोगों में और भी मामले सामने आ सकते हैं। आधिकारिक सूत्रों से AFP की गिनती के अनुसार, सात मरीज़ों में हंतावायरस की पुष्टि हुई है, और एक अन्य संभावित मामला भी सामने आया है। अधिकारियों ने रविवार देर रात बताया कि सबसे हालिया पॉज़िटिव टेस्ट कनाडा से आया है, जिसमें एक ऐसा मरीज़ शामिल है जो ‘होंडियस’ जहाज़ पर सवार था।
सभी यात्रियों को किया क्वैरंटाइन
सोमवार को उतरने वाले लोगों में फिलीपींस के 17, नीदरलैंड्स के चार (दो क्रू और दो मेडिकल स्टाफ), यूक्रेन के चार, रूस का एक और पोलैंड का एक-एक शामिल है। उनमें से कुछ पोर्ट पर क्वारंटाइन सेंटर में रहेंगे, जबकि बाकी लोग घर पर खुद को आइसोलेट करेंगे। जहाज पर एक जर्मन महिला का शव भी है, जिसकी यात्रा के दौरान मौत हो गई थी। ऑपरेटर के अनुसार, डॉकिंग के बाद, जहाज की पूरी तरह से सफाई और डिसइंफेक्शन प्रोसेस किया जाएगा।
बाकी यात्रियों की रिपोर्ट निगेटिव
जहाज से नीदरलैंड लाए गए बाकी सभी लोगों का वायरस टेस्ट नेगेटिव आया है। इनमें से कुछ लोग नीदरलैंड में क्वारंटाइन में हैं, जबकि कुछ लोग पहले ही अपने घर लौट चुके हैं। ओशनवाइड एक्सपीडिशंस के अनुसार, जहाज पर मौजूद सभी लोग अभी भी बिना किसी लक्षण के हैं, और जहाज पर मौजूद दो मेडिकल एक्सपर्ट्स उनकी बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। रविवार देर रात WHO ने कहा कि वह हंटावायरस के फैलने को लेकर अपने “कम जोखिम” वाले आकलन पर कायम है।WHO ने कहा, “हालांकि, रोकथाम के उपाय लागू होने से पहले वायरस के संपर्क में आए यात्रियों और क्रू सदस्यों में कुछ और मामले सामने आ सकते हैं, लेकिन जहाज से उतरने और नियंत्रण के उपाय लागू होने के बाद वायरस के आगे फैलने का जोखिम कम होने की उम्मीद है।”





