महिला सुरक्षा की ढाल बना ‘वन स्टॉप सेंटर’, यूपी में एक ही छत के नीचे न्याय और उपचार
योगी सरकार की पहल से महिलाओं को त्वरित मदद, 24×7 सेवाओं के जरिए सुरक्षा और सशक्तिकरण को मिली नई ताकत
उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाई जा रही योजनाएं अब जमीनी स्तर पर असर दिखा रही हैं। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित ‘वन स्टॉप सेंटर’ (OSC) योजना हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरी है। यह केंद्र महिलाओं को एक ही छत के नीचे त्वरित न्याय और उपचार उपलब्ध कराते हैं।
पांच सेवाएं, एक ही स्थान पर—पीड़ित महिलाओं को नहीं लगाने पड़ते चक्कर
‘वन स्टॉप सेंटर’ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां महिलाओं को एक साथ पांच प्रकार की सेवाएं मिलती हैं। इनमें चिकित्सीय सहायता, कानूनी सलाह, पुलिस सहयोग, अस्थायी आवास और मनोवैज्ञानिक परामर्श शामिल हैं। इससे पीड़ित महिलाओं को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उन्हें तुरंत राहत मिलती है। प्रदेश में कुल 122 वन स्टॉप सेंटर संचालित हो रहे हैं, जो 24×7 सक्रिय हैं। राजधानी लखनऊ में 4 और लखीमपुर खीरी में 3 केंद्रों के साथ-साथ बड़े जिलों में भी एक से अधिक सेंटर बनाए गए हैं। इन केंद्रों में तीन शिफ्टों में महिला स्टाफ तैनात किया गया है, ताकि किसी भी समय सहायता उपलब्ध हो सके।
181 महिला हेल्पलाइन से जुड़कर मिल रही त्वरित कार्रवाई
ये सभी केंद्र 181 महिला हेल्पलाइन से जुड़े हुए हैं, जिससे शिकायत मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू हो जाती है। पुलिस और प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के कारण एफआईआर दर्ज कराने में भी तेजी आई है। इससे पीड़ित महिलाओं को न्याय की प्रक्रिया में देरी का सामना नहीं करना पड़ता। मिशन शक्ति अभियान को मिल रही मजबूती ‘वन स्टॉप सेंटर’ योजना मिशन शक्ति अभियान को और मजबूत बना रही है। महिला कल्याण निदेशालय के माध्यम से इस योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है, जिससे प्रदेश में महिलाओं के प्रति जागरूकता और सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है।
बढ़ती जागरूकता से महिलाएं निडर होकर मांग रही मदद
महिला कल्याण निदेशालय की डायरेक्टर डॉ. वंदना वर्मा के अनुसार, अब अधिक महिलाएं खुलकर सामने आ रही हैं और मदद ले रही हैं। यह समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। पहले जहां महिलाएं डर या झिझक के कारण शिकायत दर्ज नहीं कर पाती थीं, अब वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं। महिला सुरक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता प्रदेश ‘वन स्टॉप सेंटर’ योजना ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव लाया है। यह न केवल पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता देता है, बल्कि उन्हें मानसिक और सामाजिक रूप से भी मजबूत बनाता है। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है।





