केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए आठवें वेतन आयोग को लेकर राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी और सैलरी स्ट्रक्चर में बदलाव का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए अब प्रक्रिया आगे बढ़ती दिख रही है। केंद्र सरकार ने आठवें केंद्रीय वेतन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी है, जिससे आयोग का काम औपचारिक रूप से शुरू माना जा रहा है। कुछ दिन पहले सरकार ने दिल्ली में वेतन आयोग के लिए ऑफिस की व्यवस्था की थी। अब वेबसाइट के लाइव होने के साथ ही आयोग ने कर्मचारियों और पेंशनर्स से सीधे सुझाव मांगने शुरू कर दिए हैं। आयोग चाहता है कि वेतन ढांचे में किन बातों में सुधार हो, भत्तों में क्या बदलाव जरूरी हैं और किन समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। इस बार वेतन आयोग ने एक अलग और खुला तरीका अपनाया है। आयोग ने साफ किया है कि वह सिर्फ मंत्रालयों, विभागों और कर्मचारी संगठनों तक सीमित नहीं रहेगा। आम कर्मचारी और पेंशनभोगी भी अपनी राय रख सकेंगे। इसी उद्देश्य से आयोग ने MyGov पोर्टल के साथ साझेदारी की है, ताकि हर व्यक्ति आसानी से अपनी बात आयोग तक पहुंचा सके। आयोग का मानना है कि जिन लोगों पर वेतन आयोग के फैसलों का सीधा असर पड़ता है, उनकी भागीदारी सबसे जरूरी है। नौकरीपेशा कर्मचारी, रिटायर्ड पेंशनर या यूनियन से जुड़े लोग, सभी आधिकारिक वेबसाइट या MyGov पोर्टल के जरिए अपने सुझाव दे सकते हैं। इससे वेतन आयोग को व्यावहारिक और संतुलित फैसला लेने में मदद मिलेगी।




