महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है, और अब पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया पार्टी की ओर से सामने आई है। नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने नकारात्मक राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या इंडिया गठबंधन का कोई अस्तित्व अब बचा है, क्योंकि केरल, दिल्ली और महाराष्ट्र में यह गठबंधन बिखर चुका है। त्रिवेदी ने कहा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में बीजेपी ने शानदार सफलता हासिल की है और महायुति (भाजपा+शिवसेना शिंदे) की जीत जनता के भरोसे का साफ संकेत है। उन्होंने कहा कि जनता ने विकास और सकारात्मक राजनीति को ही वोट दिया है। रुझानों के अनुसार, महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों में से 24 में भाजपा गठबंधन आगे चल रहा है। खासतौर पर मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में भाजपा+शिवसेना (शिंदे) अलायंस कुल 227 सीटों में से 118 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। त्रिवेदी ने कहा कि यह जीत भाजपा की रणनीति और जनता के विश्वास का परिणाम है, और पार्टी इससे और मजबूती से काम करेगी।




