वैश्विक माहौल बदला, सोने की चमक फीकी
बीते सप्ताह सोने की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। रूस-यूक्रेन तनाव को लेकर नरमी के संकेत मिले, जिससे सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग कमजोर पड़ी। इसके अलावा ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने जमकर मुनाफावसूली की, जिसने कीमतों पर दबाव बनाया। एमसीएक्स पर 26 दिसंबर को सोना 1,39,873 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो 2 जनवरी को घटकर 1,35,761 रुपये पर बंद हुआ। यानी एक हफ्ते में 4,112 रुपये प्रति 10 ग्राम की बड़ी गिरावट दर्ज की गई।
चांदी में भी दबाव, बिकवाली बढ़ी
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। बाजार में ऊंचे दामों पर बिकवाली बढ़ी, खासकर तब जब प्रसिद्ध निवेशक रॉबर्ट कियोसाकी ने चांदी में संभावित बुलबुले को लेकर चेतावनी दी। एमसीएक्स पर 26 दिसंबर को चांदी 2,39,787 रुपये प्रति किलो थी, जो 2 जनवरी को गिरकर 2,36,316 रुपये प्रति किलो पर आ गई। इस तरह चांदी में 3,471 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज हुई।
वैश्विक बाजार का असर भी दिखा
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की चाल कमजोर रही। कॉमेक्स पर सोना हल्की गिरावट के साथ 4,329.60 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। हालांकि चांदी ने वहां मामूली मजबूती दिखाई और 71.02 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। वैश्विक उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर साफ नजर आया।
03 जनवरी 2026: भारत में सोने के ताज़ा भाव
| शहर | 24 कैरेट (₹/10 ग्राम) | 22 कैरेट (₹/10 ग्राम) |
|---|---|---|
| दिल्ली | 1,34,780 | 1,31,550 |
| मुंबई | 1,34,780 | 1,31,550 |
| चेन्नई | 1,34,780 | 1,31,550 |
| कोलकाता | 1,34,780 | 1,31,550 |
| भोपाल | 1,34,780 | 1,31,550 |
नोट- हमारे द्वारा दी गई सोने-चांदी की दरें सांकेतिक हैं और इसमें जीएसटी, टीसीएस और मेकिंग चार्ज जैसे अन्य शुल्क शामिल नहीं हैं. सटीक दरों के लिए अपने स्थानीय जौहरी या ज्वैलर्स शॉप से संपर्क करें.





