बॉलीवुड के सबसे चहेते सुपरस्टार सलमान खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी सलमान की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। उनके जन्मदिन के मौके पर पनवेल स्थित फार्महाउस और मुंबई के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फैंस की भारी भीड़ देखने को मिली। सलमान सिर्फ बड़े अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक सफल बिजनेसमैन भी हैं। एक्टिंग, रियलिटी शोज़, ब्रांड एंडोर्समेंट और रियल एस्टेट के जरिए उन्होंने अरबों की संपत्ति खड़ी की है।
फिल्मों और टीवी से कमाई का बड़ा जरिया
सलमान खान बॉलीवुड के उन सितारों में शामिल हैं, जो एक फिल्म के लिए मोटी फीस लेते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान एक फिल्म के लिए करीब 100 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। भले ही पिछले कुछ समय में उनकी फिल्मों की संख्या कम रही हो, लेकिन टीवी शो ‘बिग बॉस’ उनके लिए कमाई की मजबूत रीढ़ बना हुआ है। बताया जाता है कि सलमान को बिग बॉस के एक सीजन के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये फीस मिलती है। इसके साथ ही वे सबसे लंबे समय तक किसी रियलिटी शो को होस्ट करने वाले अभिनेता भी बन चुके हैं।
बिजनेस और ब्रांड वैल्यू
सलमान खान ने फिल्मों के साथ-साथ बिजनेस की दुनिया में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उनका खुद का प्रोडक्शन हाउस SKF (सलमान खान फिल्म्स) कई फिल्मों और प्रोजेक्ट्स से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा उनका लाइफस्टाइल ब्रांड ‘बीइंग ह्यूमन’ काफी लोकप्रिय है, जिसकी अनुमानित वैल्यूएशन करीब 235 करोड़ रुपये बताई जाती है। सलमान कई नामी ब्रांड्स जैसे थम्स अप, इमामी और यात्रा के साथ भी जुड़े हुए हैं, जिनसे उन्हें हर साल 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई होती है।
500 करोड़ से ज्यादा का रियल एस्टेट साम्राज्य
सलमान खान की संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनके शानदार रियल एस्टेट पोर्टफोलियो से आता है। मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित उनका तीन मंजिला गैलेक्सी अपार्टमेंट करीब 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कीमत का है, जहां से समुद्र का खूबसूरत नजारा दिखता है। इसके अलावा पनवेल में स्थित अर्पिता फार्म्स सलमान की सबसे कीमती संपत्तियों में गिना जाता है। लगभग 150 एकड़ में फैले इस फार्महाउस में हेलीपैड, शूटिंग रेंज, प्राइवेट स्विमिंग पूल और पशु अभ्यारण्य तक मौजूद है। गोराई में उनका एक लग्जरी 5BHK बीच हाउस भी है, जिसमें प्राइवेट जिम, थिएटर और बाइक एरिना जैसी सुविधाएं हैं।
लग्जरी कारें और महंगी घड़ियों का शौक
सलमान खान का शौक भी उनकी शख्सियत की तरह रॉयल है। उनके पास लग्जरी कारों का ऐसा कलेक्शन है, जिसकी कुल कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी जाती है। उनके गैराज में रेंज रोवर, ऑडी A8, ऑडी R8, लेक्सस LX470 और मर्सिडीज S-क्लास जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं। वहीं घड़ियों के शौकीन सलमान के पास पाटेक फिलिप नॉटिलस जैसी अल्ट्रा लग्जरी वॉच भी है, जिसकी कीमत कई लग्जरी कारों से ज्यादा बताई जाती है।
कुल नेटवर्थ
इन सभी कमाई के स्रोतों को मिलाकर सलमान खान की कुल संपत्ति करीब 2900 करोड़ रुपये आंकी जाती है। 60 साल की उम्र में भी सलमान खान न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि बिजनेस की दुनिया में भी ‘भाईजान’ बने हुए हैं।





