एशेज 2025-26 के पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह हिला दिया। स्टार्क ने मैच की दोनों पारियों में कहर बरपाते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों को टिकने ही नहीं दिया। उनके प्रदर्शन की वजह से ऑस्ट्रेलिया को शुरू से ही मजबूत पकड़ मिल गई। पहली पारी में स्टार्क सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 12.5 ओवर में 58 रन देकर 7 विकेट अपने नाम किए। यह उनका टेस्ट करियर का बेस्ट प्रदर्शन भी रहा, क्योंकि इससे पहले उन्होंने किसी भी टेस्ट पारी में 7 विकेट नहीं लिए थे। स्टार्क की घातक गेंदबाजी की वजह से इंग्लैंड की पूरी बैटिंग लाइनअप ध्वस्त हो गई। दूसरी पारी में भी स्टार्क का जादू जारी रहा। नई गेंद से हमला करते हुए उन्होंने शुरुआत में ही 3 महत्वपूर्ण विकेट चटका दिए। इन विकेटों के साथ स्टार्क ने मैच में कुल 10 विकेट पूरे कर लिए। यह उनके करियर में तीसरी बार है जब उन्होंने किसी टेस्ट मैच में 10 विकेट हासिल किए हों। स्टार्क के इस अद्भुत प्रदर्शन के साथ उन्होंने वह कारनामा भी दोहराया, जो एशेज सीरीज में लगभग 35 साल पहले देखने को मिला था। यह मैच उनके शानदार गेंदबाजी कौशल और निरंतरता का बड़ा उदाहरण बन गया।




